भादरिया राय माता मंदिर सड़क चौड़ीकरण को 9 करोड़ मंजूर!

Edited By Payal Choudhary, Updated: 18 Feb, 2026 04:53 PM

bhadariya rai mata mandir road widening 9 crore approved jaisalmer

विधानसभा में बजट बहस के दौरान डिप्टी सीएम दिया कुमारी की घोषणा, राजस्थान के जैसलमेर जिले के लाठी क्षेत्र में स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ भादरिया राय माता मंदिर तक पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय ग्रामीणों के लिए बड़ी सौगात मिली है। डिप्टी सीएम एवं...

राजस्थान के जैसलमेर जिले के लाठी क्षेत्र में स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ भादरिया राय माता मंदिर तक पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय ग्रामीणों के लिए बड़ी सौगात मिली है। डिप्टी सीएम एवं वित्त मंत्री दिया कुमारी ने विधानसभा में बजट बहस के जवाब के दौरान भादरिया गांव से पोकरण-जैसलमेर हाईवे तक 8 किलोमीटर सड़क के चौड़ीकरण के लिए 9 करोड़ रुपये स्वीकृत करने की घोषणा की।

यह मार्ग लंबे समय से क्षतिग्रस्त अवस्था में था, जिससे क्षेत्रवासियों और श्रद्धालुओं को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।

8 किलोमीटर सड़क होगी चौड़ी और मजबूत

भादरिया फांटा से गांव तक जाने वाली मुख्य सड़क राष्ट्रीय राजमार्ग 11 (पोकरण-जैसलमेर मार्ग) से जुड़ती है। यह सड़क मंदिर, गौशाला और अन्य धार्मिक स्थलों तक पहुंचने का प्रमुख रास्ता है। प्रतिदिन यहां सैकड़ों की संख्या में पैदल यात्री, दुपहिया वाहन और भारी वाहन गुजरते हैं।

सड़क के गड्ढों और संकरी चौड़ाई के कारण अक्सर दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता था। विशेष रूप से मेलों और धार्मिक आयोजनों के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाती थी। ऐसे में 9 करोड़ रुपये की स्वीकृति से सड़क को चौड़ा और मजबूत बनाया जाएगा, जिससे यातायात सुगम और सुरक्षित हो सकेगा।

शक्तिपीठ के रूप में प्रसिद्ध है भादरिया

भादरिया गांव केवल एक धार्मिक स्थल ही नहीं, बल्कि आस्था और सेवा का केंद्र भी है। यहां स्थित भादरिया राय माता मंदिर दूर-दराज के क्षेत्रों से श्रद्धालुओं को आकर्षित करता है। इसके अलावा संत हरवंशसिंह निर्मल का समाधि स्थल, विशाल गौशाला और एक प्रसिद्ध भूमिगत लाइब्रेरी केंद्र भी यहां मौजूद है।

धार्मिक आयोजनों और मेलों के समय हजारों श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। खराब सड़क के कारण लोगों को घंटों जाम और जोखिम का सामना करना पड़ता था। अब सड़क चौड़ीकरण से इन समस्याओं से राहत मिलने की उम्मीद है।

स्थानीय लोगों की पुरानी मांग हुई पूरी

ग्रामीणों का कहना है कि यह मांग लंबे समय से उठाई जा रही थी। कई बार जनप्रतिनिधियों और प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपे गए थे। बजट बहस के दौरान इस परियोजना की घोषणा से क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

सड़क चौड़ीकरण से न केवल धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय व्यापार और परिवहन व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। इससे क्षेत्र के विकास को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है।

 ग्रामीणों ने जताया आभार

घोषणा के बाद ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने राज्य सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया है। उनका मानना है कि सड़क निर्माण से क्षेत्र की छवि सुधरेगी और मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित और सुविधाजनक बनेगी।

यह परियोजना धार्मिक पर्यटन, स्थानीय अर्थव्यवस्था और बुनियादी ढांचे के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!