अशोक गहलोत बोले: “देश का आज जैसा खतरनाक माहौल पहले कभी नहीं देखा”

Edited By Anil Jangid, Updated: 25 Feb, 2026 03:37 PM

ashok gehlot says never seen such a dangerous atmosphere in country before

जयपुर: अशोक गहलोत ने कहा कि देश में वर्तमान राजनीतिक माहौल पहले कभी नहीं देखा गया। मंगलवार को उन्होंने अपने निवास पर आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए भारत सेवा संस्थान एवं अन्य गांधीवादी संस्थाओं द्वारा 12 मार्च को राज्य भर में आयोजित होने वाले...

जयपुर: अशोक गहलोत ने कहा कि देश में वर्तमान राजनीतिक माहौल पहले कभी नहीं देखा गया। मंगलवार को उन्होंने अपने निवास पर आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए भारत सेवा संस्थान एवं अन्य गांधीवादी संस्थाओं द्वारा 12 मार्च को राज्य भर में आयोजित होने वाले "दांडी मार्च दिवस" कार्यक्रमों की तैयारियों पर चर्चा की।

 

सत्तारूढ़ दल और सरकार पर लगाया आरोप
पूर्व मुख्यमंत्री ने सत्तारूढ़ दल और सरकार पर आरोप लगाया कि वे संवैधानिक संस्थाओं का बेशर्मी से दुरुपयोग कर रहे हैं और उन्हें इसके परिणामों की कोई परवाह नहीं है। गहलोत ने कहा कि पहले संसद और विधानसभाओं में हंगामा होता था, लेकिन संसदीय कार्य मंत्री तत्काल विपक्ष के साथ जाकर समाधान निकालते थे। आज स्थिति उलट है, जहां वार्ता की बजाय विपक्ष के नेता को देश के लिए खतरा बताया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पहले कांग्रेस मुक्त भारत की बात करने वाले लोग अब विपक्ष मुक्त भारत की बात कर रहे हैं।

 

समय आने पर जनता सिखाएगी सबक
अशोक गहलोत ने दांडी मार्च जैसे आयोजनों को वर्तमान समय में बेहद आवश्यक और उपयुक्त बताया। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी ने गांधी मार्ग को केवल अतीत ही नहीं, बल्कि भविष्य बताया है, और यह सदियों तक लागू रहेगा। जिलों तक ऐसे आयोजन युवाओं और आम जनमानस में व्यापक जागृति लाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय जनता बहुत समझदार है और समय आने पर वह सभी को सबक सिखा देगी।

 

अमेरिका से ट्रेड डील गुलामी की ओर ले जा रही
बैठक में भारत सेवा संस्थान के सचिव एवं राज्य के पूर्व महाधिवक्ता जी.एस. बापना ने कहा कि महात्मा गांधी ने संघर्ष करके देश को स्वतंत्र कराया, वहीं वर्तमान सरकार अमेरिका से ट्रेड डील करके देश को फिर से गुलामी की ओर ले जा रही है।

 

वरिष्ठ नेताओं ने साझा किए अपने विचार
बैठक में पूर्व कुलपति बी.एम. शर्मा, आरटीडीसी के पूर्व अध्यक्ष राजीव अरोड़ा, जयपुर शहर और देहात कांग्रेस के अध्यक्ष सुनील शर्मा और गोपाल मीणा, पूर्व मुख्य सचिव निरंजन आर्य, सेवानिवृत आईएएस पी.के. बोरड़ समेत अन्य वरिष्ठ नेताओं ने अपने विचार साझा किए।

 

12 मार्च के लिए विस्तृत कार्यक्रम तैयार
बापना ने बैठक में निर्णय लिया कि 12 मार्च के लिए विस्तृत कार्यक्रम तैयार किया जाएगा। बैठक में धर्मवीर कटेवा, के एन सिंह, डॉ. जोहेव नकवी, रुपिन काला, एस के जैन और हरकिशन सैनी भी मौजूद रहे।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!