सवाई माधोपुर में लेपर्ड का मूवमेंट, सीसीटीवी में कैद हुआ डरावना नजारा

Edited By Anil Jangid, Updated: 25 Feb, 2026 04:11 PM

leopard spotted in sawai madhopur movement caught on cctv

सवाई माधोपुर: सवाई माधोपुर के पुराने शहर में लेपर्ड के लगातार मूवमेंट ने स्थानीय लोगों में दहशत पैदा कर दी है। रणथंभौर नेशनल पार्क से सटे शहर के रामलीला मैदान, डूंगरपाड़ा, 72 सीढ़ी स्कूल और राजबाग क्षेत्र में रात के समय लेपर्ड की गतिविधियां देखी जा...

सवाई माधोपुर: सवाई माधोपुर के पुराने शहर में लेपर्ड के लगातार मूवमेंट ने स्थानीय लोगों में दहशत पैदा कर दी है। रणथंभौर नेशनल पार्क से सटे शहर के रामलीला मैदान, डूंगरपाड़ा, 72 सीढ़ी स्कूल और राजबाग क्षेत्र में रात के समय लेपर्ड की गतिविधियां देखी जा रही हैं। सोमवार और मंगलवार की रात भी यह शिकारी इलाके में घूमता हुआ नजर आया। रामलीला मैदान इलाके के एक मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में लेपर्ड की चाल कैद हुई, जिसने इलाके में तनाव बढ़ा दिया।

 

वन विभाग को स्थानीय लोगों द्वारा लगातार सूचना दी जा रही है और उन्होंने लेपर्ड को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग की है। डीएफओ मानस सिंह ने बताया कि मंगलवार रात शहर में लेपर्ड के मूवमेंट की सूचना मिली। वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और पिंजरा लगाकर इसे पकड़ने की योजना बनाई।

 

स्थानीय लोगों ने बताया कि एक लेपर्ड 72 सीढ़ी स्कूल के पास देखा गया, उसके बाद रामलीला मैदान में भी नजर आया। रामलीला मैदान में इसने एक बछड़े पर हमला किया। इसके बाद लोगों ने तुरंत वन विभाग को सूचित किया। मंगलवार रात तेलन पंसेरी बालाजी के पीछे भी लेपर्ड की तेज आवाज सुनाई दी, जिससे इलाके में भय का माहौल बन गया।

 

सवाई माधोपुर के पुराने शहर के नीम चौकी क्षेत्र में कुछ महीने पहले भी लेपर्ड ने सात वर्षीय विक्रम बंजारा पर हमला किया था। उस समय वन विभाग ने लेपर्ड को पकड़कर अन्यत्र छोड़ दिया था। अब एक बार फिर पुराने शहर में लेपर्ड की मौजूदगी ने स्थानीय लोगों में डर और सतर्कता बढ़ा दी है।

 

वन विभाग ने आगाह किया है कि लोग रात में अकेले बाहर न जाएं और बच्चों को सुरक्षित रखें। पिंजरे के माध्यम से लेपर्ड को पकड़ने और उसे सुरक्षित स्थान पर छोड़े जाने की प्रक्रिया जारी है। वन विभाग ने आश्वासन दिया है कि शहर में लोगों की सुरक्षा के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!