Edited By Kuldeep Kundara, Updated: 15 Feb, 2026 06:01 PM

राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। पिछले 24 घंटे में दिन का तापमान बढ़ा है, जबकि रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। पिछले 24 घंटे में दिन का तापमान बढ़ा है, जबकि रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। तापमान में इस उतार-चढ़ाव से लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान में 0.8 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जबकि न्यूनतम तापमान में 1.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है।
तापमान का हाल
शनिवार को शहर का अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस रहा। इससे एक दिन पहले शुक्रवार को अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14.2 डिग्री सेल्सियस था। यानि दिन में गर्मी का असर बढ़ रहा है, लेकिन रात में हल्की ठंडक अभी भी बनी हुई है।
फरवरी में अप्रैल जैसी तपन
फरवरी का महीना अभी आधा ही बीता है, लेकिन धूप का असर अप्रैल जैसा महसूस होने लगा है। सुबह होते ही तेज धूप निकल जाती है और दोपहर तक तपन बढ़ जाती है। रविवार सुबह भी शहर में तेज धूप के साथ दिन की शुरुआत हुई।
तेज धूप के कारण लोग दोपहर के समय बाहर निकलने से बच रहे हैं। बाजारों और सड़कों पर दोपहर में चहल-पहल कुछ कम नजर आ रही है। आमतौर पर फरवरी में इतनी गर्मी कम ही देखने को मिलती है, जिससे लोग हैरान हैं।
17 फरवरी को मौसम बदलेगा, बारिश-आंधी की संभावना
मौसम विभाग ने 17 फरवरी को मौसम बदलने का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार एक नए वेस्टर्न डिस्टरबेंस के असर से राज्य के कई हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। इसके साथ तेज हवाएं चलने और आंधी आने की भी संभावना जताई गई है। बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद दो दिनों में तापमान 2 से 3 डिग्री तक बढ़ सकता है। इसके बाद प्रदेश में मौसम सामान्य बना रह सकता है।
लोगों के लिए सलाह
दोपहर में तेज धूप से बचें
घर से निकलते समय पानी साथ रखें
आंधी और बिजली के दौरान खुले स्थान से दूर रहें
मौसम विभाग की अपडेट पर नजर बनाए रखें