Edited By Kuldeep Kundara, Updated: 15 Aug, 2026 04:16 PM

भीलवाड़ा। जिला स्तरीय मुख्य समारोह का आयोजन शहर के पुलिस लाइन मैदान में हुआ, जहां जिले के प्रभारी मंत्री तथा उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली
भीलवाड़ा। वस्त्र नगरी भीलवाड़ा में 80वां स्वाधीनता दिवस पूर्ण गरिमा, देशभक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह का आयोजन शहर के पुलिस लाइन मैदान में हुआ, जहां जिले के प्रभारी मंत्री तथा उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली इस अवसर पर सांसद दामोदर अग्रवाल, विधायक अशोक कोठारी, जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू व एसपी सागर राणा उपस्थित रहे।
ध्वजारोहण के पश्चात डॉ. बैरवा ने मार्च पास्ट का निरीक्षण किया। परेड में राजस्थान पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी और स्काउट-गाइड की टुकड़ियों ने अनुशासित कदमताल करते हुए सलामी दी। समारोह के दौरान अतिरिक्त जिलाधिकारी द्वारा महामहिम राज्यपाल के संदेश का पठन किया गया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और सम्मान समारोह
कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। विशाल पीटी प्रदर्शन और सामूहिक जिम्नास्टिक के जरिए युवाओं ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जिसने मैदान में मौजूद दर्शकों का मन मोह लिया। समारोह के अंतिम चरण में प्रभारी मंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने विभिन्न क्षेत्रों- जैसे समाज सेवा, उत्कृष्ट प्रशासनिक कार्य, शिक्षा, खेल और सुरक्षा में उल्लेखनीय योगदान देने वाले उत्कृष्ट कार्मिकों, प्रतिभाओं और समाजशास्त्रियों को प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया।
विकास और एकजुटता का संदेश
अपने संबोधन में डॉ. बैरवा ने जिलेवासियों को स्वाधीनता दिवस की बधाई देते हुए स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद किया। उन्होंने राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और जिले के सर्वांगीण विकास की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए नागरिकों से देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने का आह्वान किया। समारोह में जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्वतंत्रता सेनानियों के परिजन, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।