20 साल से फरार 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार, सूरत में भेष बदलकर रह रहा था आरोपी

Edited By Afjal Khan, Updated: 11 Mar, 2026 06:21 PM

wanted criminal arrested after 20 years from surat

राजस्थान के धम्बोला थाना क्षेत्र में दर्ज गंभीर मामलों में फरार चल रहे 25 हजार रुपए के इनामी बदमाश को पुलिस ने आखिरकार 20 साल बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी गुजरात के सूरत में भेष बदलकर रह रहा था। जिला पुलिस की स्पेशल टीम ने फिल्मी अंदाज में जाल बिछाकर...

राजस्थान के धम्बोला थाना क्षेत्र में दर्ज गंभीर मामलों में फरार चल रहे 25 हजार रुपए के इनामी बदमाश को पुलिस ने आखिरकार 20 साल बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी गुजरात के सूरत में भेष बदलकर रह रहा था। जिला पुलिस की स्पेशल टीम ने फिल्मी अंदाज में जाल बिछाकर उसे दबोच लिया।

धम्बोला थाने के सीआई देवेन्द्र देवल ने बताया कि पीठ निवासी हंसराज सिंह पुत्र हरिसिंह चौहान के खिलाफ थाने में दो गंभीर मामले दर्ज थे। 1 फरवरी 2006 को आरोपी ने पुरानी रंजिश के चलते पीठ निवासी अनंत बिहारी कोठारी पर उनके घर के बाहर तीन राउंड फायरिंग की थी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

डॉक्टर से मांगी थी फिरौती

घटना के अगले दिन 2 फरवरी 2006 को आरोपी ने एक डॉक्टर को फोन पर धमकी देकर 50 हजार रुपए की फिरौती मांगी थी। पैसे नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। इसके अलावा आरोपी के खिलाफ धम्बोला, सागवाड़ा और गुजरात के विभिन्न थानों में बलात्कार, लूट और डकैती सहित पांच से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं।

फिल्मी अंदाज में पुलिस ने बिछाया जाल

आरोपी को पकड़ने के लिए जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार के निर्देशन में डीएसटी टीम, साइबर सेल और धम्बोला थाना पुलिस ने विशेष रणनीति बनाई। पुलिसकर्मियों ने अपनी पहचान छिपाकर चाय वाला, अखबार बेचने वाला, फेरी वाला और एटीएम गार्ड बनकर संदिग्ध इलाकों में रेकी की।

कड़ी मशक्कत और स्थानीय मुखबिरों की मदद से पुलिस ने आरोपी के ठिकाने की पुष्टि की और गुजरात के सूरत में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

नाम और पहचान बदलकर रह रहा था

सीआई देवेन्द्र देवल के अनुसार आरोपी बेहद शातिर था और पुलिस से बचने के लिए उसने अपनी पहचान पूरी तरह बदल ली थी। वह सूरत और नवसारी इलाके में ‘गोविंद प्रसाद गुप्ता’ नाम से रह रहा था। पुलिस को चकमा देने के लिए उसने अपना हुलिया भी बदल लिया था।

हंसराज सिंह जिले के टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल था। उस पर हत्या के प्रयास, फिरौती और आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी से अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है |

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!