सीकर में एमडी ड्रग के साथ दो नाबालिग गिरफ्तार: जोधपुर से लाकर बेचने की थी योजना, पुलिस ने नेटवर्क की जांच शुरू की

Edited By Anil Jangid, Updated: 11 Apr, 2026 04:57 PM

two minors arrested in sikar with md drugs brought from jodhpur

सीकर। जिले में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत गोकुलपुरा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो नाबालिग लड़कों को एमडी ड्रग के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों नाबालिगों के पास से हजारों रुपये मूल्य की प्रतिबंधित एमडीएमए (MD) ड्रग...

सीकर। जिले में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत गोकुलपुरा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो नाबालिग लड़कों को एमडी ड्रग के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों नाबालिगों के पास से हजारों रुपये मूल्य की प्रतिबंधित एमडीएमए (MD) ड्रग बरामद की गई है। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

 

पुलिस के मुताबिक बीती रात गोकुलपुरा थाना पुलिस रूटीन गश्त पर थी। इसी दौरान सेवदा जोहड़ी क्षेत्र की ओर पैदल जा रहे दो संदिग्ध नाबालिग लड़के पुलिस को देखकर घबरा गए और तेजी से चलने लगे। उनकी हरकतों पर संदेह होने पर पुलिस ने उन्हें रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान एक नाबालिग के पास से 5.75 ग्राम और दूसरे के पास से 5.45 ग्राम एमडी ड्रग बरामद हुई।

 

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों नाबालिग यह ड्रग जोधपुर से लेकर आए थे और सीकर में इसे किसी को बेचने की योजना बना रहे थे। लेकिन इससे पहले ही पुलिस की सतर्कता के चलते दोनों को पकड़ लिया गया।

 

घटना के बाद पुलिस ने दोनों नाबालिगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही इस पूरे मामले में जुड़े सप्लाई नेटवर्क और ड्रग माफिया तक पहुंचने के लिए जांच तेज कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि जोधपुर से सीकर तक यह नशे का कारोबार किन लोगों के माध्यम से संचालित हो रहा है।

 

इस मामले की जांच कोतवाली थाना SHO सुनील कुमार जांगिड़ कर रहे हैं। वहीं गिरफ्तारी टीम में ट्रेनी RPS विजयपाल यादव, ASI हिदायत अली, कांस्टेबल पवन और विकास सहित पुलिस टीम शामिल रही।

 

पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल दोनों नाबालिगों से पूछताछ के आधार पर पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!