Edited By Ishika Jain, Updated: 18 Jun, 2026 04:48 PM

हनुमानगढ़ जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने डोडा पोस्त बरामदगी प्रकरण में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने कथित सप्लायर समेत दो लोगों को हिरासत में लेकर...
हनुमानगढ़। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने डोडा पोस्त बरामदगी प्रकरण में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने कथित सप्लायर समेत दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान जोधपुर जिले के निवासी हनुमानराम और श्रीगंगानगर जिले के निवासी इन्द्रजीत सिंह के रूप में हुई है। दोनों को अलग-अलग स्थानों से पकड़कर मामले की जांच में शामिल किया गया है।
जानकारी के अनुसार, 14 जून को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक के कब्जे से बड़ी मात्रा में अवैध डोडा पोस्त बरामद किया था। मामले में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया था। बरामद मादक पदार्थ का वजन करीब 43.73 किलोग्राम बताया गया था।
प्रकरण की गहन जांच के दौरान पुलिस को नशे की खेप की सप्लाई चेन और उससे जुड़े लोगों के संबंध में अहम जानकारियां मिलीं। इन्हीं तथ्यों के आधार पर दोनों नए आरोपियों की संलिप्तता सामने आने के बाद उनकी गिरफ्तारी की गई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में पूछताछ जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि मादक पदार्थ की आपूर्ति कहां से की जा रही थी तथा इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। जांच एजेंसियां तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी हुई हैं।
पुलिस का मानना है कि आगे की जांच में इस मामले से जुड़े अन्य आरोपियों और आपूर्ति तंत्र को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी सामने आ सकती है।