संविदा नर्सिंग ऑफिसर दीपक खारवाल को दी श्रद्धांजलि, परिजनों के लिए मुआवजा और नौकरी की उठी मांग

Edited By Ishika Jain, Updated: 18 Jun, 2026 04:35 PM

tribute paid to contract nursing officer deepak demand for compensation and job

जयपुर स्थित एसएमएस अस्पताल में कार्यरत संविदा नर्सिंग ऑफिसर दीपक खारवाल की मृत्यु के बाद प्रदेशभर में नर्सिंग कर्मचारियों के बीच आक्रोश और शोक का माहौल है। इसी क्रम में गुरुवार को चूरू के डीबी अस्पताल परिसर में नर्सिंग अधिकारियों ने श्रद्धांजलि सभा...

चूरू। जयपुर स्थित एसएमएस अस्पताल में कार्यरत संविदा नर्सिंग ऑफिसर दीपक खारवाल की मृत्यु के बाद प्रदेशभर में नर्सिंग कर्मचारियों के बीच आक्रोश और शोक का माहौल है। इसी क्रम में गुरुवार को चूरू के डीबी अस्पताल परिसर में नर्सिंग अधिकारियों ने श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर दिवंगत कर्मी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

डीबी अस्पताल के पार्क में आयोजित कार्यक्रम में नर्सिंग अधिकारियों ने दीपक खारवाल के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उनके परिवार के लिए आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई। कर्मचारियों ने राज्य सरकार से मृतक के परिजनों को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने तथा उनकी पत्नी को सरकारी सेवा में नियुक्ति प्रदान करने की मांग की।

बैठक के दौरान नर्सिंग अधिकारियों ने संविदा और प्लेसमेंट आधारित नियुक्तियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि राजमेस के अंतर्गत की गई नियुक्तियों में कुछ प्रमुख मेडिकल कॉलेज शामिल नहीं हैं, ऐसे में संबंधित नर्सिंग कर्मियों को प्रदेश के राजमेस संचालित अस्पतालों में ही समायोजित किया जाना चाहिए।

नर्सिंग अधिकारियों ने यह भी मांग की कि प्रदेशभर में सेवामुक्त किए गए प्लेसमेंट नर्सिंग कर्मचारियों की सेवाएं तत्काल प्रभाव से बहाल की जाएं। साथ ही भविष्य में होने वाली नर्सिंग भर्तियों में अस्पतालों में कार्यरत संविदाकर्मियों को अनुभव, मेरिट और बोनस अंकों के आधार पर प्राथमिकता देते हुए नियमित नियुक्ति का अवसर दिया जाए।

सभा में मौजूद कर्मचारियों ने भविष्य में प्लेसमेंट एजेंसियों के माध्यम से संविदा नर्सिंग भर्ती प्रक्रिया पर रोक लगाने की मांग भी दोहराई। कार्यक्रम में मेडिकल कॉलेज एवं डीबी अस्पताल के कई नर्सिंग अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!