Edited By Anil Jangid, Updated: 04 Mar, 2026 01:01 PM

सवाई माधोपुर। जिले में सर्दी अब पूरी तरह ढलान पर है और तेज धूप ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया है। पिछले दो दिनों से अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस पर स्थिर बना हुआ है, जिससे दोपहर के समय गर्मी का असर साफ महसूस किया जा रहा है। दिन के साथ-साथ...
सवाई माधोपुर। जिले में सर्दी अब पूरी तरह ढलान पर है और तेज धूप ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया है। पिछले दो दिनों से अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस पर स्थिर बना हुआ है, जिससे दोपहर के समय गर्मी का असर साफ महसूस किया जा रहा है। दिन के साथ-साथ रात के तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।
मंगलवार को सवाई माधोपुर में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सोमवार को अधिकतम 32 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री रहा। रविवार को अधिकतम 31 डिग्री और न्यूनतम 17 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। शनिवार को अधिकतम 30 डिग्री और न्यूनतम 17 डिग्री रहा, जबकि शुक्रवार को अधिकतम 32 और न्यूनतम 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुरुवार को अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम 17 डिग्री रहा था।
दोपहर के समय कड़ी धूप के कारण बाजारों और सड़कों पर आवाजाही कम नजर आ रही है। लोग छांव और ठंडे पेय पदार्थों का सहारा लेते दिखाई दे रहे हैं। मौसम में आए इस बदलाव से साफ संकेत मिल रहे हैं कि गर्मी की शुरुआत हो चुकी है।
मौसम केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार, प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रहेगा। अगले दो से तीन दिनों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है। होली के बाद प्रदेश में गर्मी और तेज होने की संभावना है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि सवाई माधोपुर में आगामी दिनों में तेज धूप के साथ गर्म हवाएं भी चल सकती हैं। यदि यही स्थिति बनी रही तो होली के बाद तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। ऐसे में लोगों को दोपहर के समय धूप से बचाव करने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी जा रही है।