Edited By Rahul yadav, Updated: 02 Jul, 2025 03:06 PM

राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। शास्त्री नगर के नहारी का नाका कब्रिस्तान से महिलाओं की कब्रों से कफन चोरी की वारदातों ने पुलिस और स्थानीय लोगों को सकते में डाल दिया है। चोरी की ये घटनाएं कोई आम मामला नहीं हैं।...
जयपुर में कफन चोरी से हड़कंप, महिलाओं की कब्रें बन रहीं निशाना
राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। शास्त्री नगर के नहारी का नाका कब्रिस्तान से महिलाओं की कब्रों से कफन चोरी की वारदातों ने पुलिस और स्थानीय लोगों को सकते में डाल दिया है।
चोरी की ये घटनाएं कोई आम मामला नहीं हैं। न तो सोना-चांदी गायब हुआ है, न ही नकदी—बल्कि निशाना बने हैं महिला मृतकों के कफन। पिछले कुछ दिनों में कई कब्रों से सिर्फ महिलाओं के कफन चोरी हो गए हैं। इससे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि तंत्र-मंत्र या काले जादू के लिए महिलाओं के कफन को निशाना बनाया जा रहा है। वे लगातार शिकायतें कर रहे हैं लेकिन पुलिस की कार्रवाई न के बराबर रही है। कब्रों के साथ की गई छेड़छाड़ के विरोध में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
एडिशनल डीसीपी बजरंग सिंह शेखावत ने बताया कि सूचना मिलते ही शास्त्री नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। वहां कई कब्रों को खुदा हुआ और अस्त-व्यस्त पाया गया। पुलिस ने धारा 301 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, जिनमें कुछ संदिग्धों की पहचान हुई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
फिलहाल कब्रिस्तान की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं, और लोग दोषियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।