SMS Hospital में मरीजों और नर्सेज की समस्याओं के समाधान को लेकर अहम बैठक, ड्यूटी से लेकर वेतन भुगतान तक हुए बड़े फैसले

Edited By Sourabh Dubey, Updated: 09 Sep, 2026 06:45 PM

sms hospital jaipur nurses problems meeting major decisions

सवाई मानसिंह अस्पताल (SMS Hospital) में आमजन और नर्सिंग संवर्ग की समस्याओं के समाधान को लेकर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मृणाल जोशी ने संयुक्त नर्सेज संघर्ष समिति के नेताओं के साथ बैठक की।

जयपुर। सवाई मानसिंह अस्पताल (SMS Hospital) में आमजन और नर्सिंग संवर्ग की समस्याओं के समाधान को लेकर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मृणाल जोशी ने संयुक्त नर्सेज संघर्ष समिति के नेताओं के साथ बैठक की। बैठक में अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और नर्सेज से जुड़ी लंबित समस्याओं के समयबद्ध समाधान को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

बैठक में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मृणाल जोशी ने स्पष्ट किया कि SMS अस्पताल आने वाले हर मरीज को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिलना प्राथमिकता है। अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ की कमी को लेकर सरकार को पत्र लिखकर आवश्यक संख्या में नर्सेज उपलब्ध कराने की मांग की जाएगी।

नर्सेज के वेतन और भत्तों का होगा समयबद्ध भुगतान

बैठक में नर्सेज संवर्ग से जुड़ी समस्याओं पर भी चर्चा हुई। इसमें वेतन, वर्दी भत्ता और सरेंडर लीव के भुगतान को समयबद्ध तरीके से किए जाने पर सहमति बनी। नर्सेज प्रतिनिधियों ने अपनी विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं, जिनके समाधान का आश्वासन दिया गया।

छोटे बच्चों वाली महिला नर्सेज की OPD में रहेगी ड्यूटी

महिला नर्सेज की ड्यूटी को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। जिन महिला नर्सेज के बच्चे 1 वर्ष 6 माह से कम उम्र के हैं, उनकी ड्यूटी OPD में रखी जाएगी। वहीं, अस्पताल में वर्तमान में नॉन-क्लीनिकल कार्यों में लगाए गए अन्य नर्सिंग कर्मचारियों को वापस वार्डों में क्लीनिकल कार्य करने के लिए लगाया जाएगा।

चोरी और आगजनी रोकने के लिए CCTV और सुरक्षा व्यवस्था होगी मजबूत

SMS अस्पताल में चोरी और आगजनी जैसी घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने का निर्णय लिया गया। इसके तहत CCTV कैमरों, सुरक्षा गार्ड और डिजास्टर मैनेजमेंट दस्ते की व्यवस्था में सुधार किया जाएगा। अस्पताल परिसर की सुरक्षा और आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया गया।

नर्सिंग स्कूल की नई DPR पर भी चर्चा

बैठक में नर्सिंग स्कूल की नई DPR (Detailed Project Report) तैयार करने सहित अन्य प्रशासनिक मुद्दों पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों और नर्सेज प्रतिनिधियों के बीच अस्पताल की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने तथा कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए समन्वय के साथ काम करने पर जोर दिया गया।

बैठक में उप अधीक्षक डॉ. जगदीश मोदी, डॉ. गिरधर गोयल, अतिरिक्त अधीक्षक डॉ. अजीत सिंह शेखावत, डॉ. प्रदीप शर्मा, नर्सिंग अधीक्षक सविता शर्मा सहित नर्सेज नेता चंद्रकांत शर्मा, जेपी कस्वा, हरिसिंह भाटी, रामवीर सौलंकी और महिपाल सामोता सहित अन्य अधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!