सांस लेने में दिक्कत के बाद अस्पताल पहुंचे बुजुर्ग की मौत, परिजनों ने लगाया गलत इंजेक्शन का आरोप

Edited By Ishika Jain, Updated: 11 May, 2026 04:13 PM

sardarshahar patient death wrong injection allegation

चूरू के सरदारशहर उप जिला अस्पताल में इलाज के दौरान एक बुजुर्ग मरीज की मौत हो गई। परिजनों ने डॉक्टर पर गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाया है। मामले की जांच जारी है।

राजस्थान के चूरू जिले के सरदारशहर में इलाज के दौरान एक बुजुर्ग मरीज की मौत के बाद विवाद खड़ा हो गया। मृतक के परिजनों ने डॉक्टर पर गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाते हुए अस्पताल के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। वहीं अस्पताल प्रशासन का कहना है कि मरीज की हालत पहले से गंभीर थी और शुरुआती जांच में इंजेक्शन में किसी प्रकार की गड़बड़ी सामने नहीं आई है।

जानकारी के अनुसार रायपुरिया गांव निवासी 60 वर्षीय रामलाल को सांस लेने में परेशानी होने पर परिजन इलाज के लिए लेकर निकले थे। बताया जा रहा है कि वह कुछ दिन पहले चूरू के अस्पताल में भर्ती थे और तबीयत में सुधार होने के बाद घर लौट आए थे। रविवार को अचानक हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें बीकानेर ले जा रहे थे। रास्ते में तबीयत ज्यादा खराब होने पर उन्हें सरदारशहर उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर द्वारा इंजेक्शन लगाए जाने के बाद मरीज की तबीयत और बिगड़ गई। बाद में उन्हें अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार के लोगों ने अस्पताल परिसर के बाहर धरना शुरू कर दिया।

मामले को लेकर डॉ. चंदन मोटसरा ने कहा कि मरीज का ऑक्सीजन स्तर काफी कम था और गंभीर स्थिति को देखते हुए आवश्यक उपचार दिया गया था। उन्होंने कहा कि डॉक्टर का उद्देश्य मरीज की जान बचाना होता है।

उधर अस्पताल के प्रभारी डॉ. चंद्रभान जांगिड़ ने बताया कि प्रारंभिक जांच में इंजेक्शन में किसी प्रकार की गड़बड़ी सामने नहीं आई है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल शव को अस्पताल की मोर्च्युरी में रखवाकर जांच शुरू कर दी गई है।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!