टोंक में 12.65 करोड़ की लागत से बनेगी आधुनिक पुलिया, बारिश में भी नहीं रुकेगा यातायात

Edited By Anil Jangid, Updated: 17 Jun, 2026 03:18 PM

rs 12 65 crore modern bridge to be built in tonk

टोंक: राजस्थान के टोंक जिले में बरसात के मौसम में लंबे समय से चली आ रही आवागमन की समस्या का अब स्थायी समाधान होने जा रहा है। दूदू-छान स्टेट हाईवे (37A) पर टोडारायसिंह-मालपुरा मार्ग के टोरडी सागर क्षेत्र में 12.65 करोड़ रुपये की लागत से एक आधुनिक...

टोंक: राजस्थान के टोंक जिले में बरसात के मौसम में लंबे समय से चली आ रही आवागमन की समस्या का अब स्थायी समाधान होने जा रहा है। दूदू-छान स्टेट हाईवे (37A) पर टोडारायसिंह-मालपुरा मार्ग के टोरडी सागर क्षेत्र में 12.65 करोड़ रुपये की लागत से एक आधुनिक पुलिया का निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना को राजस्थान स्टेट रोड डेवलपमेंट एंड कंस्ट्रक्शन कॉर्पोरेशन (आरएसआरडीसी) ने प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान करते हुए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है।

 

यह मार्ग टोडारायसिंह को मालपुरा, जयपुर और अजमेर जैसे प्रमुख क्षेत्रों से जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। हर साल मानसून के दौरान टोरडी सागर की रपट पर पानी भर जाने के कारण यातायात पूरी तरह से बाधित हो जाता है। पिछले तीन वर्षों में बारिश के मौसम के दौरान करीब डेढ़ से दो महीने तक यह मार्ग बंद रहा, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

 

नई पुलिया बनने के बाद यह समस्या पूरी तरह समाप्त होने की उम्मीद है। इस परियोजना के तहत 121.93 मीटर लंबी, 5.45 मीटर ऊंची और 7 मीटर चौड़ी पुलिया का निर्माण किया जाएगा। इसमें कुल 30 आरसीसी बॉक्स लगाए जाएंगे, जिससे पानी का बहाव सुचारू रूप से हो सकेगा और सड़क पर यातायात बाधित नहीं होगा।

 

इसके साथ ही दोनों ओर 150-150 मीटर लंबी एप्रोच रोड और सड़क चौड़ीकरण का कार्य भी किया जाएगा। निर्माण पूरा होने के बाद यह मार्ग पूरे वर्ष निर्बाध रूप से खुला रहेगा, जिससे दर्जनों गांवों की लाखों की आबादी को सीधा लाभ मिलेगा।

 

परियोजना की डीपीआर जलदाय मंत्री कन्हैयालाल चौधरी के निर्देश पर तैयार की गई थी। फरवरी में आरएसआरडीसी के अभियंताओं ने स्थल का सर्वे किया था, जिसके बाद मार्च में प्रस्ताव जयपुर मुख्यालय भेजा गया। संशोधित प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने के बाद अब इसे औपचारिक मंजूरी मिल चुकी है।

 

आरएसआरडीसी के अनुसार 30 जून को निविदा खोली जाएगी, जिसके बाद वर्क ऑर्डर जारी किया जाएगा। निर्माण कार्य को 10 महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। अधिकारियों का मानना है कि यह पुलिया क्षेत्रीय विकास और यातायात व्यवस्था में एक महत्वपूर्ण बदलाव साबित होगी, जिससे लोगों को बरसात के दौरान होने वाली बड़ी समस्या से स्थायी राहत मिलेगी।

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!