Edited By Anil Jangid, Updated: 29 Mar, 2026 06:28 PM

प्रतापगढ़: प्रतापगढ़ जिले के लिए एक बड़ी खुशखबरी आई है। नीमच–प्रतापगढ़–बांसवाड़ा–नंदुरबार रेल मार्ग के एलाइनमेंट सर्वे में प्रतापगढ़ शहर को शामिल किए जाने के बाद जिले में खुशी का माहौल है। इस अवसर पर शनिवार रात एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे सांसद सीपी...
प्रतापगढ़: प्रतापगढ़ जिले के लिए एक बड़ी खुशखबरी आई है। नीमच–प्रतापगढ़–बांसवाड़ा–नंदुरबार रेल मार्ग के एलाइनमेंट सर्वे में प्रतापगढ़ शहर को शामिल किए जाने के बाद जिले में खुशी का माहौल है। इस अवसर पर शनिवार रात एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे सांसद सीपी जोशी का शहर में जोरदार स्वागत किया गया। जीरो माइल स्थित रोकड़िया बालाजी तोरण द्वार पर आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने ढोल–नगाड़ों और पुष्पवर्षा के साथ सांसद का अभिनंदन किया।
इस मौके पर राजस्थान सरकार के राजस्व मंत्री हेमंत मीणा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और नागरिक मौजूद रहे। सांसद सीपी जोशी का स्वागत करने के लिए लोगों का उत्साह देखने लायक था। कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि यह रेल परियोजना क्षेत्र के विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम साबित होगी। रेल लाइन के आने से क्षेत्र में आवागमन आसान होगा और व्यापार, पर्यटन तथा रोजगार के नए अवसर खुलेंगे।
सांसद सीपी जोशी ने कहा कि प्रतापगढ़ में रेलवे लाइन लाने के लिए लंबे समय से प्रयास चल रहे थे। मावली बरसाड़ी रेल लाइन के बाद अब प्रतापगढ़ को भी मुख्य रेल मार्ग से जोड़ने का सपना साकार होने जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस परियोजना का प्रारंभिक सर्वे पूरा हो चुका है और फाइनल सर्वे के लिए करोड़ों रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
सीपी जोशी ने यह भी कहा कि एक बार सर्वे पूरा होने के बाद परियोजना की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ेगी। इस रेल लाइन के बनने से दिल्ली–मुंबई मार्ग का एक छोटा रास्ता उपलब्ध होगा, जिससे क्षेत्र में कृषि, शिक्षा, चिकित्सा, और व्यापार सहित सभी क्षेत्रों में तेजी से विकास होगा।
मीडिया प्रभारी गोपाल धाभाई ने कहा कि यह परियोजना प्रतापगढ़ के लिए मील का पत्थर साबित होगी। आने वाले समय में यह जिले के आर्थिक और सामाजिक विकास को नई दिशा और गति देगा। इस परियोजना से न सिर्फ स्थानीय निवासियों को फायदा होगा, बल्कि आसपास के क्षेत्रों के विकास में भी बड़ा योगदान होगा।
यह रेल लाइन प्रतापगढ़ के विकास के लिए एक नई पटरी साबित होगी और क्षेत्र में व्यापक बदलाव लाने की संभावना है।