PM Modi Rajasthan-Gujarat Visit: 1.06 लाख करोड़ की परियोजनाओं की सौगात, पचपदरा रिफाइनरी राष्ट्र को समर्पित, जयपुर मेट्रो फेज-2 का शिलान्यास

Edited By Kuldeep Kundara, Updated: 03 Jul, 2026 04:53 PM

pm modi rajasthan visit  pachpadra refinery  jaipur metro phase 2  jodhpur ai

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 4 जुलाई को राजस्थान और गुजरात के दौरे पर रहेंगे। बालोतरा में 1.06 लाख करोड़ की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण, पचपदरा रिफाइनरी राष्ट्र को समर्पित, जयपुर मेट्रो फेज-2 की आधारशिला और गुजरात में सेमीकंडक्टर प्लांट का उद्घाटन...

नई दिल्ली/जयपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 4 जुलाई को राजस्थान और गुजरात के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे राजस्थान के जोधपुर और बालोतरा में करीब 1.06 लाख करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण, उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं में पेट्रोकेमिकल्स, रेलवे, सड़क, शहरी परिवहन, नवीकरणीय ऊर्जा और बिजली ट्रांसमिशन से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं। इसके बाद प्रधानमंत्री गुजरात के अहमदाबाद जिले के साणंद में देश की अत्याधुनिक सेमीकंडक्टर असेंबली एवं टेस्टिंग सुविधा का उद्घाटन करेंगे।

जोधपुर से दौरे की होगी शुरुआत
प्रधानमंत्री सुबह लगभग 10:45 बजे जोधपुर पहुंचेंगे। यहां वे 480 करोड़ रुपये की लागत से बने नए एयरपोर्ट टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे। करीब 23 हजार वर्गमीटर क्षेत्र में फैला यह टर्मिनल प्रतिवर्ष 20 लाख यात्रियों को संभालने में सक्षम होगा।
इसी कार्यक्रम में प्रधानमंत्री संशोधित उड़ान (UDAN) योजना की शुरुआत भी करेंगे। इस योजना के तहत अगले 10 वर्षों में क्षेत्रीय हवाई संपर्क को मजबूत करने के लिए 28,840 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। योजना में 100 नए हवाई अड्डों का विकास, 200 आधुनिक हेलीपैड, क्षेत्रीय एयरपोर्टों के संचालन के लिए वित्तीय सहायता और स्वदेशी विमानों व हेलीकॉप्टरों के उपयोग पर विशेष जोर दिया गया है।

पचपदरा रिफाइनरी राष्ट्र को समर्पित
दोपहर करीब 12:15 बजे प्रधानमंत्री बालोतरा पहुंचेंगे, जहां वे भारत की पहली ग्रीनफील्ड एकीकृत रिफाइनरी-सह-पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। एचपीसीएल और राजस्थान सरकार के संयुक्त उपक्रम के तहत विकसित इस परियोजना में 79,450 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया गया है। इसकी क्षमता 9 मिलियन मीट्रिक टन प्रतिवर्ष है, जबकि पेट्रोकेमिकल उत्पादन क्षमता 2.4 मिलियन मीट्रिक टन प्रतिवर्ष होगी। रिफाइनरी का नेल्सन कॉम्प्लेक्सिटी इंडेक्स 17 है, जो इसे देश की सबसे आधुनिक रिफाइनरियों में शामिल करता है। इससे ऊर्जा सुरक्षा मजबूत होगी, पेट्रोकेमिकल क्षेत्र में आत्मनिर्भरता बढ़ेगी और पश्चिमी राजस्थान में बड़े पैमाने पर रोजगार एवं औद्योगिक विकास को गति मिलेगी।

जयपुर मेट्रो फेज-2 की रखेंगे आधारशिला
प्रधानमंत्री 13 हजार करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली जयपुर मेट्रो फेज-2 परियोजना का शिलान्यास करेंगे। करीब 41 किलोमीटर लंबे इस उत्तर-दक्षिण कॉरिडोर में 36 स्टेशन होंगे, जो प्रह्लादपुरा से तोड़ी मोड़ तक सीतापुरा, वीकेआई, जयपुर एयरपोर्ट, टोंक रोड, एसएमएस अस्पताल और विद्याधर नगर सहित प्रमुख क्षेत्रों को जोड़ेगा।

रेलवे और सड़क परियोजनाओं को भी मिलेगी गति
प्रधानमंत्री लगभग 900 करोड़ रुपये की लागत से तैयार चूरू-सादुलपुर और चूरू-रतनगढ़ रेल दोहरीकरण परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इससे उत्तर-पश्चिम राजस्थान में रेल यातायात अधिक सुरक्षित, तेज और सुगम होगा। इसके अलावा वे 740 करोड़ रुपये की लागत से बने जोधपुर रिंग रोड (कारवार-डांगियावास) खंड का उद्घाटन भी करेंगे।

सौर ऊर्जा और बिजली ट्रांसमिशन को बढ़ावा
प्रधानमंत्री एसजेवीएन की 1000 मेगावाट बीकानेर सौर परियोजना और एनएचपीसी की 300 मेगावाट करणीसर सौर परियोजना राष्ट्र को समर्पित करेंगे। साथ ही 1900 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली बिजली ट्रांसमिशन लाइन का उद्घाटन और 530 किलोमीटर लंबी नई ट्रांसमिशन प्रणाली की आधारशिला भी रखेंगे, जिससे राजस्थान की नवीकरणीय ऊर्जा को राष्ट्रीय ग्रिड तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।

54 हजार युवाओं को मिलेंगे नियुक्ति पत्र
प्रधानमंत्री राजस्थान सरकार के विभिन्न विभागों में चयनित करीब 54 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र भी सौंपेंगे। इनमें शिक्षा, ऊर्जा, गृह, कृषि, आईटी, पंचायती राज, परिवहन, उच्च शिक्षा और अन्य विभागों के अभ्यर्थी शामिल हैं।

गुजरात में सेमीकंडक्टर प्लांट का उद्घाटन
राजस्थान दौरे के बाद प्रधानमंत्री गुजरात के साणंद पहुंचेंगे, जहां वे सीजी सेमी ओएसएटी (OSAT) संयंत्र का उद्घाटन करेंगे।
करीब 7,500 करोड़ रुपये के निवेश से विकसित यह संयंत्र भारत की पहली एंड-टू-एंड सेमीकंडक्टर असेंबली एवं टेस्टिंग सुविधाओं में से एक है। पूरी क्षमता से संचालन शुरू होने पर यहां प्रतिवर्ष 5 अरब सेमीकंडक्टर चिप्स का उत्पादन किया जा सकेगा। यह संयंत्र ऑटोमोबाइल, दूरसंचार, 5जी, एआई, हाई-परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग और आईओटी जैसे क्षेत्रों की बढ़ती मांग को पूरा करेगा।

 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!