किन्नर प्रत्याशी पर Parsadi Meena का अमर्यादित बयान, Dausa में पूर्व मंत्री पर पलटवार का Video Viral

Edited By Anil Jangid, Updated: 09 Sep, 2026 02:57 PM

parsadi meena remark on transgender bjp candidate meenu bai

जयपुर: दौसा जिले की लालसोट नगर परिषद चुनाव में भाजपा की किन्नर प्रत्याशी को लेकर पूर्व मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता परसादी लाल मीणा के बयान से विवाद खड़ा हो गया है। चुनाव प्रचार के दौरान दिए गए उनके बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो...

जयपुर: दौसा जिले की लालसोट नगर परिषद चुनाव में भाजपा की किन्नर प्रत्याशी को लेकर पूर्व मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता परसादी लाल मीणा के बयान से विवाद खड़ा हो गया है। चुनाव प्रचार के दौरान दिए गए उनके बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। भाजपा ने इसे किन्नर समाज का अपमान बताते हुए विरोध जताया है। वहीं, भाजपा प्रत्याशी मीनू बाई किन्नर ने भी वीडियो जारी कर पूर्व मंत्री के बयान पर भावुक प्रतिक्रिया दी है।

 

दरअसल, पूर्व मंत्री परसादी लाल मीणा सोमवार को लालसोट नगर परिषद के वार्ड नंबर-1 में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने वार्ड नंबर-34 से भाजपा प्रत्याशी मीनू किन्नर को लेकर टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि भाजपा को वार्ड में चुनाव लड़ाने के लिए कोई प्रत्याशी नहीं मिला, इसलिए किन्नर को टिकट दिया गया।

 

और ये भी पढ़े

    परसादी लाल मीणा ने कहा कि किन्नर समाज का काम लोगों की सेवा करना और आशीर्वाद देना है, चुनाव लड़ना नहीं। उन्होंने वार्ड के मतदाताओं से मीनू को चुनाव नहीं जिताने की अपील करते हुए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया। उन्होंने यह भी कहा कि यदि मीनू चुनाव जीतती हैं तो यह लालसोट पर 'कलंक' होगा। उन्होंने प्रत्याशी से चुनाव से हटने की अपील भी की।

     

    पूर्व मंत्री के बयान के बाद भाजपा प्रत्याशी मीनू बाई किन्नर ने वीडियो जारी कर जवाब दिया। उन्होंने कहा कि किन्नर होने के बावजूद वे भी इंसान हैं और किसी मां-बाप की संतान हैं। उन्होंने सवाल किया कि किन्नर पैदा होने में उनका क्या कसूर है।

     

    मीनू ने कहा कि चुनाव लड़ना हर व्यक्ति का अधिकार है। उन्होंने परसादी लाल मीणा को पिता समान बताते हुए कहा कि उन्होंने कभी उनके खिलाफ गलत बात नहीं कही। इसके बावजूद उनके बारे में इस तरह की टिप्पणी करना उचित नहीं है। मीनू ने भावुक होकर कहा कि उनकी बस्ती ही उनके लिए मां, पिता, भाई और बहन सब कुछ है।

     

    लालसोट विधायक रामविलास मीणा ने पूर्व मंत्री के बयान की निंदा की। उन्होंने कहा कि जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल भाजपा प्रत्याशी और उसे समर्थन देने वाले वार्डवासियों के लिए किया गया, वह शर्मनाक है। विधायक ने इसे राजनीतिक बौखलाहट बताते हुए कहा कि हर व्यक्ति को चुनाव लड़ने और अपनी बात रखने का अधिकार है।

     

    रामविलास मीणा ने कहा कि किन्नर समाज को भारतीय और सनातन संस्कृति में सम्मान की दृष्टि से देखा जाता है। उन्होंने कहा कि इस मामले में चुनाव आयोग से शिकायत की जाएगी।

     

    वहीं, भाजपा नेताओं का कहना है कि चुनावी मुकाबले में राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन किसी प्रत्याशी की लैंगिक पहचान को लेकर टिप्पणी करना उचित नहीं है। विवाद के बीच पूर्व मंत्री का बयान और मीनू किन्नर का जवाब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

    Related Story

      Trending Topics

      img title
      img title

      Be on the top of everything happening around the world.

      Try Premium Service.

      Subscribe Now!