जैसलमेर में पाक मोबाइल सिम पर रोक, सुरक्षा कारणों से सरकार ने आदेश जारी किया

Edited By Anil Jangid, Updated: 04 Jun, 2026 04:35 PM

pakistani mobile sim banned in jaisalmer near border for security reasons

जयपुर। भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे राजस्थान के जैसलमेर जिले में अब पाकिस्तानी मोबाइल सिम का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है। जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में करीब चार किलोमीटर तक पाकिस्तानी मोबाइल नेटवर्क पहुंचता है, जिससे सुरक्षा...

जयपुर। भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे राजस्थान के जैसलमेर जिले में अब पाकिस्तानी मोबाइल सिम का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है। जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में करीब चार किलोमीटर तक पाकिस्तानी मोबाइल नेटवर्क पहुंचता है, जिससे सुरक्षा एजेंसियों में गंभीर चिंता पैदा हो गई थी।

 

जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल ने राष्ट्रीय सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आदेश जारी किया है कि जैसलमेर जिले में पाकिस्तान के लोकल मोबाइल सिम का उपयोग करना या उससे संपर्क करना पूर्ण रूप से प्रतिबंधित है। आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

प्रशासन का मानना है कि सीमा पार से आने वाला मोबाइल नेटवर्क जासूसी, तस्करी और अन्य देश विरोधी गतिविधियों के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है। जानकारी के अनुसार पाकिस्तान ने सीमा के निकट कई मोबाइल टॉवर स्थापित किए हैं, जिनका नेटवर्क जैसलमेर के सीमावर्ती इलाकों में भी पहुँच रहा है।

 

सुरक्षा एजेंसियों ने आशंका जताई है कि पाकिस्तानी नेटवर्क का इस्तेमाल कर संदिग्ध व्यक्ति या असामाजिक तत्व संवेदनशील सूचनाएं पाकिस्तान तक भेज सकते हैं। इसी के मद्देनजर जिला प्रशासन ने सुरक्षा एजेंसियों की सलाह पर प्रतिबंध का आदेश जारी किया।

 

पिछले महीनों में सीमा क्षेत्र में इस तरह की गतिविधियों का मामला सामने आया था। पैसों के लालच में संवेदनशील जानकारियां पाकिस्तान तक भेजने के आरोप में ई-मित्र संचालक झबराराम, सरकारी कर्मचारी शकूर खान और महेंद्र प्रसाद, तथा ग्रामीण हनीफ खान को सुरक्षा एजेंसियों ने गिरफ्तार किया था।

 

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस आदेश का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को दें। इस कदम का उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्रों में राष्ट्रीय सुरक्षा को सुनिश्चित करना और देश विरोधी गतिविधियों को रोकना है।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!