Edited By Anil Jangid, Updated: 27 Apr, 2026 04:20 PM
टोंक/जयपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को टोंक से वर्चुअल माध्यम द्वारा राजस्थान के टोंक, बूंदी, चूरू, पाली, प्रतापगढ़, डूंगरपुर एवं बाड़मेर जिलों में नवनिर्मित भाजपा जिला कार्यालय भवनों का लोकार्पण किया। इसके साथ...
टोंक/जयपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को टोंक से वर्चुअल माध्यम द्वारा राजस्थान के टोंक, बूंदी, चूरू, पाली, प्रतापगढ़, डूंगरपुर एवं बाड़मेर जिलों में नवनिर्मित भाजपा जिला कार्यालय भवनों का लोकार्पण किया। इसके साथ ही जालोर जिला कार्यालय का शिलान्यास भी किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि राजस्थान की धरती पर आना सदैव गौरव और प्रेरणा का विषय रहा है। यह भूमि शौर्य, बलिदान और राष्ट्रभक्ति की परंपराओं से ओतप्रोत रही है। उन्होंने अपने पुराने राजनीतिक अनुभव साझा करते हुए कहा कि सबसे कम उम्र का विधायक बनने के बाद उन्हें पहली बार सम्मान इसी प्रदेश में मिला था, जिससे यहां उनका विशेष भावनात्मक जुड़ाव है।
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसका समर्पित कार्यकर्ता है, जो बिना किसी स्वार्थ के राष्ट्र सेवा के भाव से कार्य करता है। भाजपा आज जिस ऊंचाई पर पहुंची है, वह लाखों कार्यकर्ताओं के परिश्रम, त्याग और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों ने भाजपा को एक विशाल वटवृक्ष के रूप में विकसित किया है। उन्होंने कहा कि पार्टी अंत्योदय, राष्ट्रवाद और सुशासन के सिद्धांतों पर कार्य कर रही है। आज केंद्र और राज्य सरकारें अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं और यही भाजपा की पहचान है।
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे 2047 तक विकसित भारत और विकसित राजस्थान के लक्ष्य को लेकर कार्य करें। यह केवल सरकार का नहीं, बल्कि प्रत्येक कार्यकर्ता और नागरिक का दायित्व है कि वह राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत न केवल देश के स्तर पर, बल्कि वैश्विक मंच पर भी दिशा देने का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि 2 सांसदों वाली पार्टी आज देश के 21 राज्यों में फैल चुकी, विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन गई हैं। देशभर में 600 से अधिक भाजपा कार्यालय स्थापित हो चुके हैं, जो संगठनात्मक गतिविधियों, प्रशिक्षण, विचार-विमर्श और कार्यकर्ता निर्माण के केंद्र बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि “कार्यालय केवल भवन नहीं होते, बल्कि यह कार्यकर्ताओं की ऊर्जा, विचार और संगठन की शक्ति के केंद्र होते हैं।”
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने राजस्थान की भजनलाल सरकार की योजनाओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार लगातार महिला, युवा, किसान के लिए कार्य कर रही है। युवाओं के रोजगार के लिए भजनलाल सरकार ने निवेश को बढावा दिया, महिलाओं के कल्याण को समर्पित भाजपा सरकार लखपति दीदी, ड्रोन दीदी सहित विभिन्न योजनाओं को शुरू किया। इतना ही नहीं, ईआरसीपी योजना हमारे किसानों के लिए वरदान साबित होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे इन योजनाओं की जानकारी प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाएं, ताकि अधिक से अधिक लोग इनका लाभ उठा सकें। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि हमारे कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम के चलते इस बार बंगाल में भी कमल खिलेगा। मुझे खुशी है कि अंग से कलिंग तक भाजपा का शासन बढ़ रहा है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर विपक्ष, विशेष रूप से कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि जो दल अपनी ही माताओं और बहनों को सम्मान नहीं दे सके, वही इस ऐतिहासिक कानून का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर कांग्रेस ने महिलाओं का हक क्यों छीना और उन्हें राजनीतिक भागीदारी से वंचित रखने का प्रयास क्यों किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब भी कोई संकल्प लेते हैं, उसे सिद्धि तक पहुंचाते हैं, और नारी शक्ति वंदन अधिनियम इसका उदाहरण है, जो देश की महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
प्रदेश प्रभारी डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल ने कहा कि टोंक भाजपा का मजबूत केंद्र है और यहां के कार्यकर्ताओं की मेहनत सराहनीय है। उन्होंने राजस्थान के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि यह भूमि वीरों और राष्ट्रभक्तों की रही है और भाजपा उसी परंपरा को आगे बढ़ा रही है। अब हमें भी भाजपा के राष्ट्र निर्माण के कार्य को आगे बढाना है। उन्होंने भाजपा के मूल मंत्र “सेवा ही संकल्प” को दोहराते हुए कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करें और सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाएं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि वैश्विक संकट के समय भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने ऊर्जा आपूर्ति को सुरक्षित रखा और जरूरत पड़ने पर अन्य देशों की भी सहायता की। राठौड़ ने कहा कि विपक्ष अफवाह फैलाकर जनता में भ्रम और भय पैदा करने का काम करता है, जबकि सरकार पारदर्शिता और सुशासन के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि आज बिचौलियों और भ्रष्टाचार की राजनीति खत्म होने से विपक्ष बेचैन है और लगातार झूठ फैलाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने राज्य सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान में बिजली, पानी, सड़क और कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। ईआरसीपी, यमुना जल समझौता, सड़क सुदृढ़ीकरण और निवेश के प्रयासों से प्रदेश विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। किसानों के लिए फसल बीमा, एमएसपी, ई-नाम जैसी योजनाओं से उन्हें आर्थिक मजबूती मिली है, वहीं युवाओं को स्वरोजगार और उद्योग स्थापित करने के अवसर मिल रहे हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता राष्ट्र प्रथम की भावना से कार्य करते हैं। राज्य सरकार पानी, बिजली, रोजगार, निवेश और आधारभूत ढांचे के विकास पर तेजी से काम कर रही है। उन्होंने बताया कि ‘राइजिंग राजस्थान’ पहल के माध्यम से राज्य में बड़े निवेश आ रहे हैं, जिससे युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक जिले में कार्यालय बनने से संगठन को मजबूती मिलेगी और कार्यकर्ताओं को कार्य करने के लिए सशक्त मंच प्राप्त होगा। भाजपा सरकार का उद्देश्य हर वर्ग को सशक्त बनाना है— चाहे वह किसान हो, युवा हो या महिला। उन्होंने जनता से आह्वान किया कि वे जागरूक रहें, अफवाहों से बचें और राष्ट्रहित में कार्य करने वाली ताकतों का साथ दें। उन्होंने कहा कि जब आम नागरिक मजबूत होगा तभी देश विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त कर सकेगा।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री कन्हैयालाल चौधरी, हीरालाल नागर, विधायक राजेंद्र गुर्जर, जिलाध्यक्ष चन्द्रवीर सिंह चौहान, पूर्व सांसद सुखवीर सिंह जोनपुरिया, भाजपा महामंत्री डॉ मिथिलेश गौतम सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।