कोटा: सरकारी अस्पताल परिसर की झाड़ियों में एक नवजात भ्रूण लावारिस हालत में मिला

Edited By Anil Jangid, Updated: 16 Mar, 2026 02:23 PM

newborn foetus found in kota hospital campus

कोटा: राजस्थान के कोटा शहर से एक बेहद संवेदनशील और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां सरकारी अस्पताल परिसर की झाड़ियों में एक नवजात भ्रूण लावारिस हालत में मिला। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुत्ते और अन्य जानवर भ्रूण को अपने मुंह में पकड़कर इधर-उधर...

कोटा: राजस्थान के कोटा शहर से एक बेहद संवेदनशील और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां सरकारी अस्पताल परिसर की झाड़ियों में एक नवजात भ्रूण लावारिस हालत में मिला। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुत्ते और अन्य जानवर भ्रूण को अपने मुंह में पकड़कर इधर-उधर दौड़ रहे थे। लोगों ने जैसे-तैसे जानवरों को भगाया और तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी।

 

यह घटना सुबह करीब 8:30 बजे न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल के परिसर में सामने आई। अस्पताल के गेट नंबर एक के पास स्थित पार्किंग जोन की झाड़ियों में भ्रूण पड़े होने की जानकारी मिलने पर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

 

महावीर नगर थाना के कांस्टेबल सुरेश कुमार ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। वहां मौजूद लोगों से पूछताछ में पता चला कि कुत्ते और सूअर भ्रूण को मुंह में दबाकर परिसर में इधर-उधर भाग रहे थे। लोगों ने किसी तरह जानवरों से भ्रूण को छुड़वाया और पुलिस को सौंप दिया।

 

पुलिस ने भ्रूण को तुरंत ड्यूटी डॉक्टर से चेक करवाया। इसके बाद उसे अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया गया। शुरुआती जांच में सामने आया कि भ्रूण पूरी तरह विकसित था और लगभग 8 से 10 घंटे पहले का बताया जा रहा है। डॉक्टरों के अनुसार भ्रूण फीमेल था।

 

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि भ्रूण के गर्दन और पैर पर जानवरों के नोचने के निशान थे। आशंका जताई जा रही है कि किसी ने भ्रूण को अस्पताल के बाहर कहीं लावारिस हालत में छोड़ दिया होगा और बाद में जानवर उसे उठाकर अस्पताल परिसर तक ले आए।

 

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। परिजनों का पता लगाने के लिए शहर के विभिन्न अस्पतालों और नर्सिंग होम में हाल ही में हुई डिलीवरी के रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी जांची जा रही है।

 

पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि भ्रूण को यहां कौन छोड़कर गया और इसके पीछे क्या कारण था।

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!