दिशा बैठक में अवैध अतिक्रमण व गंदगी पर सख्त हुई सांसद मंजू शर्मा, गढ़ गणेश रोपवे जल्द शुरू करने को कहा

Edited By Anil Jangid, Updated: 19 May, 2026 12:49 PM

mp manju sharma takes strict action on illegal encroachments and cleanliness

जयपुर। जिला कलेक्टर कार्यालय में सोमवार को हुई जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में जयपुर सांसद मंजू शर्मा ने शहर की आधारभूत सुविधाओं, धार्मिक पर्यटन, सफाई व्यवस्था और सरकारी जमीनों पर हो रहे अतिक्रमण को लेकर अधिकारियों को सख्त...

जयपुर। जिला कलेक्टर कार्यालय में सोमवार को हुई जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में जयपुर सांसद मंजू शर्मा ने शहर की आधारभूत सुविधाओं, धार्मिक पर्यटन, सफाई व्यवस्था और सरकारी जमीनों पर हो रहे अतिक्रमण को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। बैठक में सांसद ने गढ़ गणेश मंदिर तक रोपवे निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू कराने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि परियोजना में आ रही बाधाओं का तत्काल निस्तारण किया जाए ताकि श्रद्धालुओं को जल्द सुविधा मिल सके।

 

सांसद मंजू शर्मा ने अधिकारियों से कहा कि गढ़ गणेश मंदिर धार्मिक आस्था का बड़ा केंद्र है और यहां  बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में रोपवे परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाए। इसके साथ ही मंदिर के पीछे की ओर से ऐसा सड़क मार्ग विकसित किया जाए जिससे बुजुर्ग, महिलाएं और अस्वस्थ श्रद्धालु वाहन से ऊपर तक पहुंचकर दर्शन कर सकें।

 

बैठक में सांसद मंजू शर्मा ने द्रव्यवती नदी परियोजना का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि नदी पर करोड़ों रुपए खर्च किए जा चुके हैं, इसलिए अब उसके सौंदर्यीकरण, स्वच्छता और संरक्षण पर गंभीरता से काम होना चाहिए। नदी क्षेत्र में अतिक्रमण रोकने के साथ वहां वोटिंग और पर्यटन गतिविधियों की संभावनाएं विकसित करने के निर्देश भी दिए गए।

 

सांसद ने जयपुर की जल निकासी व्यवस्था पर चिंता जताते हुए कहा कि हल्की बारिश में ही शहर की सड़कें पानी से भर जाती हैं और यातायात व्यवस्था चरमरा जाती है। इसे देखते हुए नालों की सफाई, ड्रेनेज सिस्टम सुधार और मानसून पूर्व सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। 

 

उन्होंने  कहा कि श्मशान घाटों की सफाई, प्रकाश व्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त किया जाए जिससे आमजन को अंतिम संस्कार जैसी संवेदनशील परिस्थितियों में अव्यवस्थाओं का सामना नहीं करना पड़े। चौगान स्टेडियम क्षेत्र से पंजीयन कार्यालय को आगरा रोड़ स्थानांतरित किए जाने से लोगों को हो रही परेशानियों का मुद्दा भी बैठक में उठा। इस मामले में  सांसद ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए कि चौगान स्टेडियम के पास ही नया  पंजीयन कार्यालय के लिए प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र कार्रवाई की जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके।

 

इसके अलावा सांसद ने जयपुर में नगर निगम, जेडीए, पंचायत, नदी-नालों और गोचर भूमि पर हो रहे अवैध कब्जों और निर्माणों पर चिंता जताते हुए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी जमीनों को चिन्हित कर उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए तथा अवैध अतिक्रमण पर प्रभावी कार्रवाई हो।

 

बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए लंबित कार्यों को समयबद्ध पूरा करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए। इस बैठक में सांसद राव राजेंद्र सिंह, विधायक गोपाल शर्मा, बालमुकुन्दआचार्य, शिखा बराला, अमराराम, महेन्द्रपाल मीना, जिला कलेक्टर संदेश नायर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!