Edited By Anil Jangid, Updated: 19 Apr, 2026 07:40 PM

सीकर। राजस्थान के शेखावाटी क्षेत्र में स्थित प्रसिद्ध हर्ष पर्वत पर शनिवार को अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। अज्ञात कारणों से लगी इस आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले लिया। आग ने पहाड़ी क्षेत्र की सूखी घास और...
सीकर। राजस्थान के शेखावाटी क्षेत्र में स्थित प्रसिद्ध हर्ष पर्वत पर शनिवार को अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। अज्ञात कारणों से लगी इस आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले लिया। आग ने पहाड़ी क्षेत्र की सूखी घास और पेड़-पौधों को निगल लिया, जिससे हर्ष पर्वत का एक बड़ा हिस्सा धुएं और लपटों से घिर गया।
मंदिर के पिछले हिस्से में ज्यादा खतरा:
जानकारी के मुताबिक, आग हर्ष पर्वत स्थित प्राचीन हर्ष भैरव मंदिर और शिव मंदिर के ठीक पीछे के क्षेत्र में भड़की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग की लपटों से मंदिर के पीछे के क्षेत्र में स्थित कई पेड़-पौधे जलकर राख हो गए हैं। आग पिछले कई घंटों से धधक रही है और यहां इसके असर की स्थिति ज्यादा गंभीर नजर आ रही है।
5 से 7 हेक्टेयर में फैल गई आग:
सूचना मिलते ही जिला प्रशासन के अधिकारी और दमकल विभाग की गाड़ियाँ मौके पर पहुंची हैं और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। हालांकि पहाड़ी इलाके में आग बुझाने में कई दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे राहत कार्य धीमा चल रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग ने लगभग 5 से 7 हेक्टेयर क्षेत्र में फैलाव कर लिया है।
अज्ञात कारणों से भड़की आग:
फिलहाल आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। स्थानीय लोगों और अधिकारियों का कहना है कि अत्यधिक गर्मी और सूखी घास के चलते आग लगने की संभावना है, या फिर किसी मानवीय लापरवाही या शॉर्ट सर्किट के कारण भी यह घटना हो सकती है। प्रशासन ने पर्यटकों की सुरक्षा को देखते हुए आवाजाही पर नजर रखना शुरू कर दिया है और आग पर काबू पाने के प्रयास तेज कर दिए हैं।
यह घटना इलाके में एक गंभीर प्राकृतिक आपदा के रूप में सामने आई है, जिससे प्रशासन और स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है।