शादी के नाम पर 10 लाख की ठगी! पहली दुल्हन नशीला दूध पिलाकर फरार, दूसरी ने भी छोड़ा साथ

Edited By Anil Jangid, Updated: 17 May, 2026 11:39 AM

marriage scam in alwar groom loses over rs 10 lakh after brides flee

अलवर। अलवर में शादी कराने के नाम पर लाखों रुपए की ठगी और धोखाधड़ी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित युवक ने आरोप लगाया है कि एक संगठित गिरोह ने पहले शादी का झांसा देकर उससे लाखों रुपए ऐंठे, फिर पहली युवती घर से नकदी और सामान लेकर फरार हो गई।...

अलवर। अलवर में शादी कराने के नाम पर लाखों रुपए की ठगी और धोखाधड़ी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित युवक ने आरोप लगाया है कि एक संगठित गिरोह ने पहले शादी का झांसा देकर उससे लाखों रुपए ऐंठे, फिर पहली युवती घर से नकदी और सामान लेकर फरार हो गई। इसके बाद दूसरी युवती से शादी कराकर फिर से रुपए मांगने और रिश्ता तोड़ने की धमकियां दी गईं। मामले में शहर कोतवाली थाना पुलिस ने 10 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

अलवर शहर के प्रेम नगर मेहताब सिंह का नोहरा निवासी अजय शर्मा ने रिपोर्ट में बताया कि उसकी पहचान माचाड़ी निवासी बंटी से हुई थी। जून 2025 में बंटी ने उसकी मुलाकात मनोहर उर्फ पप्पी पंडित से कराई। आरोप है कि दोनों ने एक युवती की फोटो दिखाकर कहा कि लड़की मध्यप्रदेश की रहने वाली है और उसके पिता गंभीर रूप से बीमार हैं। शादी कराने के बदले इलाज और अन्य खर्चों के नाम पर करीब 3 लाख रुपए मांगे गए।

पीड़ित के अनुसार शुरुआत में किराया-भाड़ा और अन्य खर्च बताकर 30 हजार रुपए नकद लिए गए। इसके बाद 12 जनवरी 2026 को मध्यप्रदेश निवासी निशा को उसके कथित भाई, मौसा और मौसी के साथ अलवर लाया गया। उसी दिन टेल्को चौराहे के पास करीब 2.30 लाख रुपए नकद मनोहर उर्फ पप्पी को सौंपे गए। अजय शर्मा ने बताया कि युवती करीब पांच दिन तक उसके जीजा और बहन के घर पर रही। इस दौरान परिवार ने उसके लिए करीब 60 हजार रुपए के कपड़े, लहंगा, साड़ी, मंगलसूत्र, बिछिया, मेकअप और अन्य सामान खरीदा।

नशीला दूध पिलाकर हुई फरारी
परिवादी के मुताबिक 17 जनवरी 2026 की रात युवती ने परिवार के लोगों को दूध में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। सुबह जब परिवार की आंख खुली तो युवती घर से गायब मिली। घर से करीब 3 लाख रुपए नकद, मोबाइल फोन और अन्य सामान भी गायब था। युवती के साथ आए कथित रिश्तेदार भी फरार मिले। पीड़ित ने जब इसकी शिकायत बंटी और मनोहर से की तो उन्होंने दूसरी युवती आरती से शादी कराने का प्रस्ताव दिया। आरोपियों ने बताया कि युवती तलाकशुदा है और फिलहाल माचाड़ी-राजगढ़ क्षेत्र में रह रही है।

दूसरी शादी के बाद फिर शुरू हुई पैसों की मांग
23 जनवरी 2026 को आरती अपने भाई राम, तन्मय, मां और दोस्त छगन समेत अन्य लोगों के साथ अलवर पहुंची, जहां अजय शर्मा के साथ उसकी शादी कराई गई। शादी के लिए काशीराम चौराहे स्थित धर्मशाला बुक करवाई गई और 300 से 400 लोगों के भोजन की व्यवस्था की गई।

परिवादी के अनुसार इस दौरान भी आरोपियों ने अलग-अलग बहानों से रुपए लिए। पहले किराया और खर्च के नाम पर 10 हजार रुपए लिए गए, फिर ब्यूटी पार्लर ले जाने के नाम पर और 10 हजार रुपए मांगे गए। अजय शर्मा के वकील गोविंद ने बताया कि शादी के बाद आरती कुछ दिन तक अजय के साथ रही, लेकिन 26 जनवरी 2026 को भतीजे के जन्मदिन का बहाना बनाकर 4 हजार रुपए लेकर मायके चली गई और वापस आने से इनकार कर दिया। परिवार जब उसे लेने पहुंचा तो आरोपियों ने और पैसे मांगने शुरू कर दिए। यहां तक कहा गया कि रुपए नहीं दिए तो रिश्ता तुड़वा देंगे। शिवरात्रि पर भी बड़ी मुश्किल से आरती ससुराल आई और फिर वापस चली गई। इसके बाद उसने आने से साफ इनकार कर दिया।

10 लाख से ज्यादा का नुकसान
परिवादी का आरोप है कि आरोपियों ने मिलकर उससे करीब 3.60 लाख रुपए नकद ले लिए, जबकि शादी समारोह और अन्य व्यवस्थाओं में करीब 6.50 लाख रुपए खर्च करवा दिए। इस तरह पूरे घटनाक्रम में उसे 10 लाख रुपए से ज्यादा का नुकसान हुआ। फिलहाल शहर कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर पूरे गिरोह और घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!