Edited By Anil Jangid, Updated: 07 Jun, 2026 05:53 PM

श्रीगंगानगर: भारतीय टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू करते हुए श्रीगंगानगर के युवा ऑलराउंडर मानव सुथार ने अपने पहले ही मैच में शानदार छाप छोड़ी। न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर में अफगानिस्तान के खिलाफ खेले जा रहे टेस्ट मुकाबले में उन्होंने 28 रनों की जुझारू पारी...
श्रीगंगानगर: भारतीय टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू करते हुए श्रीगंगानगर के युवा ऑलराउंडर मानव सुथार ने अपने पहले ही मैच में शानदार छाप छोड़ी। न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर में अफगानिस्तान के खिलाफ खेले जा रहे टेस्ट मुकाबले में उन्होंने 28 रनों की जुझारू पारी खेलकर टीम की पारी को संभालने में अहम भूमिका निभाई।
मानव सुथार ने 41 गेंदों का सामना करते हुए संयमित बल्लेबाजी की और दो चौके व दो छक्कों की मदद से उपयोगी योगदान दिया। उन्होंने अनुभवी बल्लेबाज वॉशिंगटन सुंदर के साथ मिलकर अफगानिस्तान के गेंदबाजों का डटकर सामना किया। हालांकि उनकी पारी ज्यादा लंबी नहीं चल सकी और वे मोहम्मद सलीम की गेंद पर विकेटकीपर को कैच दे बैठे।
इसके बावजूद अपने डेब्यू टेस्ट में उनका प्रदर्शन क्रिकेट प्रेमियों के बीच चर्चा का विषय बन गया है। श्रीगंगानगर में उनके शानदार प्रदर्शन को लेकर खुशी का माहौल है और लोग इसे जिले के लिए गौरव का क्षण बता रहे हैं।
मानव सुथार को इस मैच में टेस्ट कैप दिग्गज स्पिनर कुलदीप यादव ने प्रदान की। डेब्यू के समय भावुक नजर आए मानव ने कहा कि यह उनके जीवन का सबसे यादगार पल है और वह इसे शब्दों में व्यक्त नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि टेस्ट क्रिकेट खेलना हर खिलाड़ी का सपना होता है और उन्हें आगे और बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिली है।
मानव सुथार एक ऑलराउंडर हैं जो बाएं हाथ से बल्लेबाजी और बाएं हाथ से स्पिन गेंदबाजी करते हैं। घरेलू क्रिकेट में वह राजस्थान टीम का प्रतिनिधित्व करते हैं, जबकि आईपीएल 2026 में वह गुजरात टाइटंस का हिस्सा हैं।
प्रथम श्रेणी क्रिकेट में भी उनका प्रदर्शन प्रभावशाली रहा है। उन्होंने 29 मैचों की 48 पारियों में 945 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और छह अर्धशतक शामिल हैं। वहीं गेंदबाजी में उन्होंने 52 पारियों में 129 विकेट लेकर अपनी उपयोगिता साबित की है।
उनके इसी शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के चलते उन्हें भारतीय टेस्ट टीम में जगह मिली। चयनकर्ताओं ने उनके संतुलित खेल और निरंतर प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें डेब्यू का अवसर दिया, जिसे उन्होंने मौके पर भुनाने की पूरी कोशिश की।
मानव सुथार का यह डेब्यू भारतीय क्रिकेट के भविष्य के लिए एक सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।