Edited By Anil Jangid, Updated: 25 Sep, 2026 07:28 PM

जयपुर। राजस्थान फिल्म फेस्टिवल के तहत मानसरोवर स्थित दीप स्मृति ऑडिटोरियम में शुक्रवार को आरएफएफ सोशल स्पॉटलाइट 2026 और इंटर स्कूल-कॉलेज कॉम्पीटिशन का फिनाले आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सोशल मीडिया के जरिए अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाने...
जयपुर। राजस्थान फिल्म फेस्टिवल के तहत मानसरोवर स्थित दीप स्मृति ऑडिटोरियम में शुक्रवार को आरएफएफ सोशल स्पॉटलाइट 2026 और इंटर स्कूल-कॉलेज कॉम्पीटिशन का फिनाले आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सोशल मीडिया के जरिए अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाने वाले क्रिएटर्स को सम्मानित किया गया। वहीं स्कूल-कॉलेज प्रतियोगिता के फिनाले में विद्यार्थियों ने सामाजिक सरोकार, संस्कृति, कला और रचनात्मकता से जुड़ी अलग-अलग थीम पर प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में आकर्षण का केन्द्र एक्ट्रेस ममता कुलकर्णी की उपस्थित रही। न केवल उन्होंने कॉम्पीटिशन के विजेताओं को पुरस्कृत किया, बल्कि सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स को सम्मानित किया। इस मौके पर आरएफएफ की फाउंडर डायरेक्टर संजना शर्मा और राजस्व, उपनिवेशन एवं सैनिक कल्याण विभाग के राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी मौजूद रहे।
जमकर नाची ममता कुलकर्णी
कार्यक्रम में जब एक्ट्रेस ममता कुलकर्णी के हिट सॉन्ग्स बजाए गए तो ममता भी अपने कदम थिरकाने से रोक नहीं पाई। ममता ने घातक फिल्म के कोई जाए तो ले आए, सबसे बड़ा खिलाड़ी फिल्म का एक मुंडा मेरी उम्र का और लंबा-लंबा घूंघट काहे को डाला जैसे गाने पर जमकर डांस किया। इस मौके पर ममता ने स्टूडेंट्स ने कहा कि डांस हो या एक्टिंग हो आपको यह साधना की तरह करना चाहिए। जब तक परफेक्शन नहीं आए, उसे स्टेज से दूर रखें। उन्होंने स्टूडेंट्स को सलाह दी कि जो करना है आज की सोच कर करें। यदि आप नए कपड़े लेकर आए हैं और किसी विशेष दिन पहनने वाले है, तो उसकी जगह जिस दिन ला रहे हैं उसी दिन पहनें।
इन्हें किया गया सम्मानित
आरएफएफ की फाउंडर संजना शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम में नेहा एंड अंशु को बेस्ट फूड इन्फ्लुएंसर ऑफ द ईयर, सोमी शर्मा को इमर्जिंग डांस स्टार ऑफ द ईयर, निधि नरवाल को पोएट्री आइकन ऑफ द ईयर और विजय को फादर-डॉटर डिजिटल डुओ ऑफ द ईयर कैटेगरी में सम्मान मिला। वहीं ब्यूटीफुल गुलाबी नगरी (अनिशा जैन) को सिटी इन्फ्लुएंसर ऑफ द ईयर, प्रवीण प्रजापत को यूथ आइकन इन राजस्थानी फोक आर्ट्स, एडवोकेट अमृता वर्मा को लीगल अवेयरनेस क्रिएटर ऑफ द ईयर, द वाइज स्टोरीज युवरागी राठौड़ को रीजनल स्टोरीटेलर ऑफ द ईयर और चारू असोपा को व्लॉगर ऑफ द ईयर की कैटेगरी में सम्मानित किया गया।
प्रोग्रामिंग हैड अनिल जैन ने बताया कि सोशल मीडिया क्रिएटर्स की अलग-अलग कैटेगरी उनके कंटेंट और डिजिटल प्रभाव को ध्यान में रखते हुए तय की गई थीं। किसी ने खान-पान से जुड़े कंटेंट के जरिए पहचान बनाई तो किसी ने कविता, डांस, राजस्थानी लोक कलाओं, कानूनी जागरूकता और क्षेत्रीय कहानियों को सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों तक पहुंचाया। इस तरह कार्यक्रम में सोशल मीडिया के अलग-अलग रूपों और उसकी रचनात्मक संभावनाओं को मंच मिला।
महारानी को बनीं विजेता, मिला 25 हजार रुपए की प्राइज मनी
इंटर स्कूल-कॉलेज कॉम्पीटिशन में जयपुर के 3 कॉलेज और 11 स्कूलों के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के तहत अब तक जयपुर के स्कूल-कॉलेजों में करीब 100 गतिविधियां आयोजित की जा चुकी हैं। फिनाले में चयनित विद्यार्थियों ने विभिन्न थीम पर कुल 14 प्रस्तुतियां दीं। प्रस्तुतियों में विद्यार्थियों ने अपनी क्रिएटिविटी के साथ सामाजिक और सांस्कृतिक विषयों को मंच पर प्रभावी अंदाज में प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता में विजेता टीम महारानी कॉलेज को 25 हजार रुपए और ट्रॉफी, जबकि दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम कनोडिया कॉलेज को 5 हजार रुपए और ट्रॉफी प्रदान की गई।