प्रतापगढ़ के आदिवासी क्षेत्र को बड़ी सौगात, 36.6 किमी सड़क 8 मीटर चौड़ी होगी

Edited By Anil Jangid, Updated: 04 Mar, 2026 12:53 PM

major boost for tribal area in pratapgarh

प्रतापगढ़। जिले के आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र को बड़ी सौगात मिली है। करजू मोड़ से धोलापानी थाने तक 36.6 किलोमीटर लंबी सड़क को जिला सड़क में क्रमोन्नत कर 8 मीटर चौड़ा बनाने की स्वीकृति मिल गई है। इस निर्णय से क्षेत्र में खुशी की लहर है और ग्रामीणों को...

प्रतापगढ़। जिले के आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र को बड़ी सौगात मिली है। करजू मोड़ से धोलापानी थाने तक 36.6 किलोमीटर लंबी सड़क को जिला सड़क में क्रमोन्नत कर 8 मीटर चौड़ा बनाने की स्वीकृति मिल गई है। इस निर्णय से क्षेत्र में खुशी की लहर है और ग्रामीणों को बेहतर यातायात सुविधा मिलने की उम्मीद जगी है।

 

यह मार्ग करजू मोड़ से वाया साटोला, उण्डावेला, पीलीखेड़ा, कालाकोट चौराहा और भाटखेड़ी होते हुए धोलापानी थाने तक जाएगा। इस परियोजना से चार दर्जन से अधिक गांवों को सीधा लाभ मिलेगा। वर्तमान में सड़क जर्जर अवस्था में है, जिससे आवागमन में भारी दिक्कतें आती हैं। बरसात के मौसम में स्थिति और भी खराब हो जाती है।

 

छोटीसादड़ी और बड़ीसादड़ी विधानसभा क्षेत्रों के ग्रामीण लंबे समय से सड़क चौड़ीकरण की मांग कर रहे थे। सड़क के उन्नयन से क्षेत्र में रोडवेज बस संचालन की संभावनाएं भी बढ़ेंगी, जिससे लोगों को सीधे परिवहन सुविधा मिल सकेगी। बड़ीसादड़ी से प्रतापगढ़ और प्रतापगढ़ से उदयपुर तक संपर्क मजबूत होगा, साथ ही डूंगला और मंगलवाड़ जैसे मार्गों से कनेक्टिविटी बेहतर बनेगी।

 

इस प्रस्ताव को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अनुमोदित किया है। भाजपा जिला अध्यक्ष महावीर सिंह कृष्णावत के अनुसार, यह क्षेत्र की लंबे समय से लंबित प्रमुख मांग थी, जिसे विधायक श्रीचंद्र कृपलानी ने विधानसभा में उठाया था। मुख्यमंत्री की स्वीकृति के बाद इसे जिला सड़क मार्ग में क्रमोन्नत किया गया।

 

सड़क के 8 मीटर चौड़ा बनने से आदिवासी क्षेत्र में विकास की नई संभावनाएं खुलेंगी। बेहतर सड़क सुविधा से शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और रोजगार के अवसरों में भी वृद्धि होगी। क्षेत्रवासियों ने राज्य सरकार का आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई है कि जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कर सड़क को नए स्वरूप में आमजन को समर्पित किया जाएगा।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!