Edited By Anil Jangid, Updated: 08 Jun, 2026 02:20 PM

जयपुर। जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) द्वारा नंदपुरी क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण अभियान के तहत नूरानी मस्जिद को हटाने की कार्रवाई के बाद इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है। प्रशासन का कहना है कि यह कदम सड़क विस्तार परियोजना के तहत उठाया गया है, जिसके...
जयपुर। जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) द्वारा नंदपुरी क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण अभियान के तहत नूरानी मस्जिद को हटाने की कार्रवाई के बाद इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है। प्रशासन का कहना है कि यह कदम सड़क विस्तार परियोजना के तहत उठाया गया है, जिसके अंतर्गत सड़क की चौड़ाई लगभग 25-30 फीट से बढ़ाकर 80 फीट की जानी है।
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम
कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए। शहर में एहतियातन इंटरनेट सेवाएं अस्थायी रूप से बंद रखी गईं तथा बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। प्रशासन के अनुसार सड़क की निर्धारित सीमा में आने वाले धार्मिक और अन्य निर्माणों को चिन्हित कर हटाने की प्रक्रिया जारी है।
स्थानीय निवासियों और व्यापारियों ने इस कार्रवाई का समर्थन
मौके पर मौजूद कई स्थानीय निवासियों और व्यापारियों ने इस कार्रवाई का समर्थन किया। उनका कहना था कि लंबे समय से इस मार्ग पर भारी ट्रैफिक जाम की समस्या बनी हुई थी, जिससे आम लोगों, दुकानदारों और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। कुछ स्थानीय लोगों ने दावा किया कि सड़क संकरी होने और आसपास के निर्माणों के कारण यातायात प्रभावित होता था तथा सड़क चौड़ी होने से क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी।
नियमों के अनुसार कार्रवाई सभी पर समान रूप से हो
कई लोगों ने यह भी कहा कि यदि सड़क परियोजना के दायरे में मंदिर, मस्जिद, दुकान या मकान आते हैं तो नियमों के अनुसार कार्रवाई सभी पर समान रूप से होनी चाहिए। स्थानीय निवासियों के अनुसार प्रशासन ने कुछ अन्य धार्मिक स्थलों और निर्माणों को भी चिन्हित किया है, जिन पर आगे कार्रवाई हो सकती है।
कांग्रेस नेताओं ने मस्जिद हटाने की कार्रवाई को लेकर सवाल उठाए
हालांकि इस मुद्दे पर राजनीतिक प्रतिक्रिया भी सामने आई है। कांग्रेस नेताओं ने मस्जिद हटाने की कार्रवाई को लेकर सवाल उठाए हैं और प्रक्रिया की पारदर्शिता पर स्पष्टीकरण मांगा है। दूसरी ओर प्रशासन का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण कार्य सार्वजनिक हित और यातायात सुधार के उद्देश्य से किया जा रहा है।
कानून-व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई
प्रशासन ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सोशल मीडिया पर भ्रामक या भड़काऊ सामग्री साझा करने से बचने की अपील की है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सड़क विस्तार से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा
स्थानीय लोगों का एक वर्ग मानता है कि सड़क विस्तार से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा, जबकि इस कार्रवाई को लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर बहस जारी है।