इस बार भव्य होगा जोधपुरिया श्रीदेवनारायण मंदिर का कार्यक्रम, हाकिम सिंह बैंसला ने किया बड़ा ऐलान

Edited By Anil Jangid, Updated: 25 Jul, 2026 12:50 PM

jodhpuriya shri devnarayan temple grand event hakim singh bainsla

टोंक: राजस्थान के टोंक जिले स्थित अंतरराष्ट्रीय श्रीदेवनारायण मंदिर, जोधपुरिया में इस वर्ष आयोजित होने वाला धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम पहले से कहीं अधिक भव्य और व्यापक स्तर पर आयोजित किया जाएगा।

टोंक: राजस्थान के टोंक जिले स्थित अंतरराष्ट्रीय श्रीदेवनारायण मंदिर, जोधपुरिया में इस वर्ष आयोजित होने वाला धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम पहले से कहीं अधिक भव्य और व्यापक स्तर पर आयोजित किया जाएगा। इसकी तैयारियों को लेकर श्रीदेवनारायण मंदिर ट्रस्ट की विस्तारित कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण एवं सम्मान समारोह का आयोजन श्रद्धा, उत्साह और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में मंदिर के विकास, श्रद्धालुओं की सुविधाओं और आगामी लक्खी मेले की तैयारियों को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गईं।

 

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हाकिम सिंह बैंसला तथा मालासेरी धाम के महंत हेमराज पोसवाल ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को भगवान श्रीदेवनारायण की तस्वीर और देव दुपट्टा भेंट कर सम्मानित किया। इसके बाद सभी पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। समारोह में बड़ी संख्या में समाज के प्रतिनिधि, श्रद्धालु और ट्रस्ट के सदस्य मौजूद रहे।

 

श्रीदेवनारायण मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेश गुर्जर ने कहा कि देवधाम जोधपुरिया अब विकास के नए दौर में प्रवेश कर रहा है। उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर के विस्तार, श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कई महत्वाकांक्षी निर्माण कार्य शुरू किए जा चुके हैं। आने वाले समय में मंदिर परिसर को और अधिक व्यवस्थित एवं आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा, जिससे देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव मिल सके।

 

इस अवसर पर महंत हेमराज पोसवाल ने निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण किया और ट्रस्ट द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह विकास कार्य केवल मंदिर तक सीमित नहीं हैं, बल्कि पूरे क्षेत्र के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व को नई पहचान दिलाने में सहायक होंगे। उन्होंने देवधाम जोधपुरिया को केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के साथ जोड़ने तथा धार्मिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

 

बैठक में आगामी लक्खी मेले की तैयारियों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। ट्रस्ट पदाधिकारियों ने बताया कि कुछ ही दिनों में आयोजित होने वाले इस मेले में राजस्थान सहित देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, पेयजल, चिकित्सा और अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं को लेकर भी विस्तृत योजना तैयार की जा रही है, ताकि आयोजन सफल और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।

 

मुख्य अतिथि हाकिम सिंह बैंसला ने कहा कि श्रीदेवनारायण मंदिर केवल आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि गुर्जर समाज की सांस्कृतिक और सामाजिक पहचान का भी महत्वपूर्ण प्रतीक है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से समाजहित और श्रद्धालुओं की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया। साथ ही विश्वास जताया कि इस बार का आयोजन भव्यता, अनुशासन और बेहतर व्यवस्थाओं के कारण नई मिसाल कायम करेगा।

 

मंदिर ट्रस्ट का कहना है कि आगामी लक्खी मेले और धार्मिक आयोजनों को सफल बनाने के लिए सभी तैयारियां युद्ध स्तर पर की जा रही हैं, ताकि देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और यादगार धार्मिक अनुभव मिल सके।

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!