Edited By Anil Jangid, Updated: 24 Jun, 2026 12:10 PM

जोधपुर: राजस्थान सरकार द्वारा हाल ही में स्थानांतरण पर लगा प्रतिबंध हटाने के बाद बड़ी संख्या में कर्मचारी और अधिकारी अपने स्थानांतरण संबंधी कार्यों को लेकर जनप्रतिनिधियों के पास पहुंच रहे हैं। इसी बीच शहर विधायक अतुल भंसाली ने इस प्रक्रिया को लेकर...
जोधपुर: राजस्थान सरकार द्वारा हाल ही में स्थानांतरण पर लगा प्रतिबंध हटाने के बाद बड़ी संख्या में कर्मचारी और अधिकारी अपने स्थानांतरण संबंधी कार्यों को लेकर जनप्रतिनिधियों के पास पहुंच रहे हैं। इसी बीच शहर विधायक अतुल भंसाली ने इस प्रक्रिया को लेकर एक अनोखी पहल शुरू की है, जिसकी चर्चा पूरे शहर में हो रही है।
विधायक अतुल भंसाली ने अपने कार्यालय में भगवान श्रीराम की तस्वीर के सामने एक विशेष बॉक्स रखवाया है। स्थानांतरण की सिफारिश के लिए आने वाले लोग अब अपनी अर्जियां सीधे उस बॉक्स में डाल रहे हैं। इस व्यवस्था से आने वाले लोग भी संतुष्ट नजर आ रहे हैं।
मीडिया से बातचीत में विधायक अतुल भंसाली ने कहा कि स्थानांतरण और पदस्थापन सरकार की नीतियों के अनुसार होने वाली एक नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों का मूल कार्य जनता की सेवा करना है, जबकि स्थानांतरण संबंधी निर्णय सरकार और प्रशासन के अधिकार क्षेत्र में आते हैं।
उन्होंने कहा कि मैं केवल डाकिए का काम कर सकता हूं, करने वाला भगवान है। इसलिए जो भी व्यक्ति स्थानांतरण के लिए आता है, वह अपनी अर्जी भगवान श्रीराम के चरणों में रखे। विधायक भगवान नहीं है, भगवान ही भगवान है।
भंसाली ने बताया कि कई बार ऐसे लोग भी सिफारिश के लिए पहुंचते हैं जिन्हें वह व्यक्तिगत रूप से जानते तक नहीं हैं। ऐसे में किसी के पक्ष में अनुशंसा करना उनके लिए कठिन हो जाता है। उन्होंने कहा कि भगवान के सामने अपनी आवश्यकता और मन की बात रखने से व्यक्ति सत्य लिखेगा और वास्तविक जरूरतमंद की बात अवश्य सुनी जाएगी।
विधायक ने कहा कि यदि कोई गंभीर बीमारी, पारिवारिक समस्या या अन्य विशेष परिस्थितियों का उल्लेख करता है तो उसे भगवान के सामने झूठ नहीं बोलना चाहिए। उन्होंने कहा, "जो परमात्मा को मंजूर होगा वही होगा। सरकार ने जो दायित्व मुझे दिया है, उसका मैं पूरी निष्ठा से निर्वहन करूंगा, लेकिन स्थानांतरण की इस व्यवस्था में व्यक्ति-विशेष के आधार पर काम करने की परंपरा उचित नहीं है।"
विधायक की इस अनूठी पहल को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और स्थानांतरण की अनुशंसा के लिए आने वाले लोग भी भगवान श्रीराम के समक्ष अपनी अर्जियां प्रस्तुत कर रहे हैं।