भारतीय लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति : जनादेश, चुनाव और शांतिपूर्ण सत्ता परिवर्तन की गौरवशाली परंपरा

Edited By Ishika Jain, Updated: 26 Nov, 2026 12:43 PM

indian democracy public mandate constitution day

विश्व के लोकतांत्रिक इतिहास में भारत की विशिष्ट पहचान केवल इसलिए नहीं है कि यहां विश्व की सबसे बड़ी आबादी लोकतांत्रिक व्यवस्था के अंतर्गत आती है, बल्कि इसलिए है कि स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद से देश ने लोकतांत्रिक संस्थाओं, संवैधानिक प्रक्रियाओं और...

वासुदेव देवनानी-

विश्व के लोकतांत्रिक इतिहास में भारत की विशिष्ट पहचान केवल इसलिए नहीं है कि यहां विश्व की सबसे बड़ी आबादी लोकतांत्रिक व्यवस्था के अंतर्गत आती है, बल्कि इसलिए है कि स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद से देश ने लोकतांत्रिक संस्थाओं, संवैधानिक प्रक्रियाओं और जनादेश की सर्वोच्चता को निरंतर बनाए रखा है। राजनीतिक विचार धाराएं बदलीं, सरकारें बदलीं और सत्ता के समीकरणों में परिवर्तन आया, लेकिन भारतीय लोकतंत्र की संवैधानिक आधार शिला कायम रही। यही हमारी सबसे बड़ी उपलब्धि है।

भारतीय लोकतंत्र का मूल दर्शन जनता की संप्रभुता है। कोई व्यक्ति, परिवार, राजनीतिक दल अथवा संस्था सत्ता का स्थायी स्वामी नहीं हो सकती। शासन का अधिकार जनता के विश्वास और संविधान द्वारा निर्धारित प्रक्रियाओं से प्राप्त होता है। जनता चुनाव के माध्यम से अपने प्रतिनिधियों का चयन करती है और उन्हें शासन की जिम्मेदारी सौंपती है। जनविश्वास बदलने पर सरकार भी बदल जाती है। भारत में सत्ता का हस्तांतरण सैन्य हस्तक्षेप अथवा असंवैधानिक दबाव से नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक जनादेश से होता है।

*लोकतंत्र की नींव : जनता की संप्रभुता*

26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान अंगीकृत किया। संविधान की प्रस्तावना के प्रारंभिक शब्द ‘हम भारत के लोग’ इस व्यवस्था के मूल दर्शन को अभिव्यक्त करते हैं। इनका अर्थ है कि संप्रभुता का अंतिम स्रोत जनता है और सरकारें उसी के प्रति उत्तरदायी हैं। 26 जनवरी 1950 को संविधान लागू होने के साथ भारत एक संप्रभु लोकतांत्रिक गणराज्य बना। डॉ भीमराव अंबेडकर की अध्यक्षता में गठित प्रारूप समिति की अनुशंसा पर संविधान निर्माताओं ने भारत के लिए संसदीय लोकतंत्र अपनाया, जिसमें केंद्र की मंत्रिपरिषद लोकसभा और राज्यों की मंत्रिपरिषद विधानसभा के प्रति सामूहिक रूप से उत्तरदायी है। सरकार का अस्तित्व सदन के विश्वास पर निर्भर करता है। यह व्यवस्था सत्ता को निरंकुश होने से रोकती है और शासन को जवाबदेह बनाती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर वर्ष 2015 से 26 नवंबर को आधिकारिक रूप से संविधान दिवस मनाने की परंपरा प्रारंभ हुई। इसका उद्देश्य संविधान के प्रति नागरिकों में जागरूकता बढ़ाना और संविधान निर्माताओं के योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।

*1952 का पहला आम चुनाव : लोकतंत्र का ऐतिहासिक प्रयोग*

भारत की लोकतांत्रिक यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव वर्ष 1951-52 में हुआ प्रथम आम चुनाव था। स्वतंत्रता के कुछ ही वर्षों बाद देश ने सार्वभौमिक वयस्क मताधिकार के आधार पर चुनाव कराने का ऐतिहासिक निर्णय लिया। गरीबी, अशिक्षा, सामाजिक असमानता और संसाधनों की कमी के बावजूद प्रत्येक वयस्क नागरिक को समान मतदान अधिकार प्रदान किया गया। महिला और पुरुष, अमीर और गरीब, शिक्षित और अशिक्षित सभी को राजनीतिक भागीदारी का समान अवसर मिला।भारत ने सिद्ध किया कि लोकतंत्र केवल समृद्ध और शिक्षित समाजों तक सीमित नहीं है। नागरिकों की चेतना और संवैधानिक व्यवस्था में विश्वास के आधार पर विविधताओं से भरा विशाल देश भी सफल लोकतांत्रिक व्यवस्था संचालित कर सकता है। इसके बाद नियमित अंतराल पर लोकसभा और विधानसभा चुनाव होते रहे तथा जनता के निर्णय के अनुरूप सत्ता परिवर्तन भी हुआ।

*सरकारें बदलीं, लोकतांत्रिक परंपरा कायम रही*

भारतीय लोकतंत्र की परिपक्वता का प्रमाण है कि राजनीतिक प्रतिस्पर्धा के बावजूद संवैधानिक व्यवस्था की निरंतरता बनी रही। वर्ष 1967 के चुनावों के बाद अनेक राज्यों में गैर-कांग्रेसी सरकारें बनीं और बहुदलीय प्रतिस्पर्धा को नई दिशा मिली।1977 का आम चुनाव भारतीय लोकतांत्रिक इतिहास का निर्णायक अध्याय था। आपातकाल के बाद जनता ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर तत्कालीन सरकार को सत्ता से बाहर किया और केंद्र में पहली बार गैर-कांग्रेसी सरकार का गठन हुआ। इसने स्पष्ट किया कि लोकतंत्र में अंतिम निर्णय जनता का होता है।
वर्ष 1989 के बाद गठबंधन राजनीति का दौर प्रभावी हुआ। 1996, 1998 और 1999 के राजनीतिक घटनाक्रमों में सरकार गठन, विश्वास मत, समर्थन वापसी और नए जनादेश की आवश्यकता जैसी प्रक्रियाएं सामने आईं। वर्ष 2014 के चुनावों सहित बाद के जनादेशों ने यह सिद्ध किया कि मतदाता सरकारों के प्रदर्शन का मूल्यांकन कर अपना निर्णय देता है। इस प्रकार भारतीय लोकतंत्र में सत्ता स्थायी अधिकार नहीं, बल्कि जनता द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी है।

*आपातकाल का अनुभव और लोकतंत्र की पुनर्स्थापना*

25 जून 1975 को घोषित आपातकाल भारतीय लोकतंत्र का दुर्भाग्यपूर्ण अध्याय था। उस समय नागरिक स्वतंत्रताओं, प्रेस की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक गतिविधियों पर गंभीर प्रतिबंध लगे तथा विपक्ष के अनेक नेता गिरफ्तार किए गए। यह अनुभव बताता है कि संवैधानिक संस्थाओं की स्वतंत्रता, नागरिक अधिकारों और लोकतांत्रिक मर्यादाओं की रक्षा कितनी आवश्यक है। इस कठिन दौर के बाद 1977 में हुए आम चुनाव में जनता ने अपने मताधिकार के माध्यम से सत्ता परिवर्तन का निर्णय दिया। यह घटना भारतीय लोकतंत्र की जीवंतता और नागरिकों की जागरूकता का ऐतिहासिक प्रमाण बनी। इससे यह संदेश मिला कि लोकतंत्र की शक्ति किसी एक सरकार या राजनीतिक दल में नहीं, बल्कि जनता और संविधान में निहित संस्थागत व्यवस्था में है।

*विश्वास मत : संसदीय जवाबदेही का आधार*

संसदीय लोकतंत्र में सरकार का गठन और उसका बने रहना सदन के बहुमत पर निर्भर करता है। संविधान के अनुच्छेद 75(3) के अनुसार केंद्रीय मंत्रिपरिषद लोकसभा तथा अनुच्छेद 164(2) के अनुसार राज्य मंत्रिपरिषद विधानसभा के प्रति सामूहिक रूप से उत्तरदायी है। विश्वास प्रस्ताव, अविश्वास प्रस्ताव और बहुमत परीक्षण सरकार के सदन में समर्थन को परखने के संवैधानिक माध्यम हैं। बहुमत पर संदेह होने पर सदन में परीक्षण कराया जा सकता है। सरकार बहुमत सिद्ध नहीं कर पाती तो उसे पद छोड़ना पड़ता है। त्रिशंकु सदन की स्थिति में राष्ट्रपति और राज्यपाल की भूमिका भी संवैधानिक मर्यादाओं तथा सदन में बहुमत सिद्ध करने की आवश्यकता से निर्देशित होती है।

*निर्वाचन आयोग : निष्पक्ष चुनावों का प्रहरी*

स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव लोकतंत्र की विश्वसनीयता का आधार हैं। संविधान के अनुच्छेद 324 के अंतर्गत निर्वाचन आयोग को चुनावों के अधीक्षण, निर्देशन और नियंत्रण की जिम्मेदारी दी गई है। समय के साथ इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन, मतदाता पहचान पत्र, वीवीपैट, चुनावी निगरानी और मतदाता सूची के अद्यतन जैसी व्यवस्थाओं ने चुनाव प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित बनाया है।महिलाओं, युवाओं और ग्रामीण क्षेत्रों के मतदाताओं की बढ़ती भागीदारी लोकतंत्र की सामाजिक व्यापकता को दर्शाती है। मतदाता सूचियों का पुनरीक्षण निर्वाचन आयोग की नियमित एवं निरंतर प्रक्रिया है, जिसके अंतर्गत मृतक एवं स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाए जाते हैं तथा नए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़े जाते हैं। मतदाता जागरूकता अभियान भी चुनावों में नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने में सहायक हैं।

*विपक्ष की भूमिका और संसदीय गरिमा*

लोकतंत्र की मजबूती केवल सरकार की सफलता से निर्धारित नहीं होती। जागरूक और रचनात्मक विपक्ष भी इसकी अनिवार्य आवश्यकता है। विपक्ष सरकार की नीतियों की समीक्षा करता है, जनहित के प्रश्न उठाता है और शासन को उत्तरदायी बनाए रखने में भूमिका निभाता है।संसद और विधानसभाओं में प्रश्नकाल, शून्यकाल, विधायी समितियों तथा विधेयकों पर चर्चा लोकतांत्रिक व्यवस्था को सार्थक बनाती है। मतभिन्नता लोकतंत्र की स्वाभाविक विशेषता है, लेकिन असहमति को संवाद, तर्क और संवैधानिक मर्यादा के भीतर व्यक्त करना आवश्यक है। सदन की गरिमा किसी एक दल की नहीं, बल्कि संपूर्ण लोकतांत्रिक व्यवस्था की प्रतिष्ठा है।

*नई चुनौतियां और लोकतांत्रिक उत्तरदायित्व*

आज सोशल मीडिया और डिजिटल संचार ने राजनीतिक विचार-विमर्श का विस्तार किया है, लेकिन भ्रामक सूचनाएं, कृत्रिम रूप से निर्मित सामग्री, व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप और सामाजिक वैमनस्य लोकतांत्रिक संवाद की गुणवत्ता को प्रभावित करते हैं। नागरिकों को सूचनाओं का विवेकपूर्ण मूल्यांकन करना चाहिए और राजनीतिक दलों को स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, पारदर्शिता तथा जनहित को प्राथमिकता देनी चाहिए। लोकतंत्र की मजबूती के लिए नागरिकों का चुनाव प्रक्रिया और संवैधानिक संस्थाओं पर विश्वास बनाए रखना आवश्यक है।

*राजस्थान विधानसभा की संविधान दीर्घा : संवैधानिक चेतना का अनूठा संगम*

संविधान के प्रति सम्मान केवल पुस्तकों, भाषणों और समारोहों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। नागरिकों को संविधान की निर्माण यात्रा, उसके मूल्यों और ऐतिहासिक पृष्ठभूमि को देखने तथा समझने का अवसर भी मिलना चाहिए। इसी सोच के अनुरूप राजस्थान विधानसभा में संविधान दीर्घा स्थापित करने की पहल की गई।भारतीय संविधान की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर 26 नवंबर 2024 को राजस्थान विधानसभा के राजनीतिक आख्यान संग्रहालय के डिजिटल म्यूजियम में इस दीर्घा की शुरुआत की गई। विधानसभाध्यक्ष के रूप में मेरी इस पहल का उद्देश्य संविधान की निर्माण यात्रा, उसके सांस्कृतिक आधार और लोकतांत्रिक मूल्यों को आमजन, विशेषकर युवाओं तक पहुंचाना रहा है।इस दीर्घा की विशेषता यह है कि इसमें मूल संविधान के 22 भागों के प्रारंभ में प्रकाशित कलात्मक चित्रों को स्थान दिया गया है। इनमें भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण की अयोध्या वापसी, भगवान श्रीकृष्ण द्वारा अर्जुन को दिया गया गीता का उपदेश, महात्मा बुद्ध, भगवान महावीर, सम्राट अशोक, विक्रमादित्य, छत्रपति शिवाजी, गुरु गोविंद सिंह और रानी लक्ष्मीबाई जैसे ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक व्यक्तित्वों के चित्र भारतीय सभ्यता की व्यापकता को अभिव्यक्त करते हैं। महात्मा गांधी के दांडी मार्च और नेताजी सुभाष चंद्र बोस से संबंधित चित्र स्वतंत्रता संग्राम के गौरवपूर्ण अध्यायों का स्मरण कराते हैं। दीर्घा में संविधान सभा की महत्वपूर्ण कार्यवाहियों, संविधान के हिंदी संस्करण के प्रमाणीकरण, सदस्यों के हस्ताक्षरों, महिला सदस्यों की भागीदारी, विभिन्न समितियों, प्रारूप समिति और राजस्थान के योगदान से संबंधित ऐतिहासिक सामग्री भी प्रदर्शित है। यह केवल चित्रों का संग्रह नहीं, बल्कि संविधान निर्माण की यात्रा को नई पीढ़ी के सामने सजीव करने का प्रयास है।विद्यालयों, महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए यह एक महत्वपूर्ण शिक्षण स्थल है, जहां वे संविधान की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति को समझ सकते हैं। राजस्थान विधानसभा का राजनीतिक आख्यान संग्रहालय राज्य के राजनीतिक विकास, स्वतंत्रता संग्राम, प्रजामंडल गतिविधियों और विधानसभा की ऐतिहासिक यात्रा को भी प्रस्तुत करता है। संविधान दीर्घा इस संग्रहालय में राष्ट्रीय संवैधानिक चेतना का महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ती है। इसे अब तक 55 हजार से अधिक लोग देख चुके हैं।

*संविधान दिवस : जनसत्ता के प्रति राष्ट्रीय प्रतिबद्धता*

भारत की लोकतांत्रिक यात्रा यह प्रमाणित करती है कि संविधान ने शासन संचालन और सत्ता हस्तांतरण की एक सुव्यवस्थित व्यवस्था प्रदान की है। सरकारें बदलती हैं, राजनीतिक परिस्थितियां परिवर्तित होती हैं और जनादेश नए नेतृत्व को अवसर देता है, लेकिन संवैधानिक आधारशिला कायम रहती है। यही भारतीय लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति है।संविधान दिवस पर हमें संकल्प लेना चाहिए कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और नियमित चुनावों की परंपरा को मजबूत बनाएंगे, लोकतांत्रिक संस्थाओं का सम्मान करेंगे और जनादेश की सर्वोच्चता स्वीकार करेंगे। भारत में सरकारें और राजनीतिक विचारधाराएं बदल सकती हैं, लेकिन लोकतंत्र की आत्मा तथा संविधान की सर्वोच्चता अक्षुण्ण रहनी चाहिए। यही भारत की लोकतांत्रिक परिपक्वता, संवैधानिक शक्ति और विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र के रूप में हमारी गौरवशाली पहचान है।

*(लेखक वासुदेव देवनानी राजस्थान विधान सभा के अध्यक्ष हैं)*

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!