Edited By Kuldeep Kundara, Updated: 10 Aug, 2026 07:23 PM

श्रीगंगानगर। जिले में सिंचाई पानी की समस्या और बढ़ते नशे के खिलाफ सोमवार को युवाओं और कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन किया।
श्रीगंगानगर। जिले में सिंचाई पानी की समस्या और बढ़ते नशे के खिलाफ सोमवार को युवाओं और कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन किया। जिलेभर से पहुंचे प्रदर्शनकारियों ने भाखड़ा एवं गंगनहर में किसानों के हिस्से का पूरा सिंचाई पानी उपलब्ध करवाने, नहरों में केमिकल मुक्त एवं स्वच्छ पानी देने और श्रीगंगानगर को नशामुक्त बनाने की मांग उठाई।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि श्रीगंगानगर कृषि प्रधान जिला है और यहां की खेती मुख्य रूप से नहरों के सिंचाई पानी पर निर्भर है। ऐसे में किसानों को उनके हिस्से का पर्याप्त पानी नहीं मिलने से कृषि व्यवस्था प्रभावित होती है। उन्होंने प्रशासन से सिंचाई पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की।
नहरों में स्वच्छ और केमिकल मुक्त पानी की मांग
कलेक्ट्रेट घेराव के दौरान नहरों में केमिकल मुक्त और स्वच्छ पानी उपलब्ध करवाने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि नहरों के पानी की गुणवत्ता की नियमित जांच होनी चाहिए और जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की जानी चाहिए। उन्होंने आमजन और किसानों के लिए स्वच्छ जल उपलब्ध करवाने को प्रशासन की प्राथमिकता बनाने की मांग की।
नशे के खिलाफ युवाओं का आक्रोश
प्रदर्शन के दौरान जिले में बढ़ते नशे के खिलाफ भी युवाओं ने आवाज बुलंद की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि नशे का बढ़ता कारोबार युवा पीढ़ी को प्रभावित कर रहा है। उन्होंने नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के साथ ही युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए व्यापक जागरूकता और नशामुक्ति अभियान चलाने की मांग की।
जिलेभर से पहुंचे युवा और कार्यकर्ता
कलेक्ट्रेट घेराव में श्रीगंगानगर जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से बड़ी संख्या में युवा और कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान किसानों को पूरा सिंचाई पानी, नहरों में स्वच्छ एवं केमिकल मुक्त पानी और नशामुक्त श्रीगंगानगर जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से इन मांगों पर जल्द ठोस कार्रवाई की मांग की।