BRICS 2026 में चमकेगा राजस्थान का ग्रामीण विकास मॉडल, 'हॉकी वाली सरपंच' नीरू यादव वैश्विक मंच पर करेंगी प्रतिनिधित्व

Edited By Kuldeep Kundara, Updated: 07 Jul, 2026 12:01 PM

hockey playing sarpanch  neeru yadav to represent india on the global stage

राजस्थान के झुंझुनूं जिले की ग्राम पंचायत लाम्बी अहीर की सरपंच और 'हॉकी वाली सरपंच' नीरू यादव को भारत सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय और UN Women India ने BRICS Women Ministerial Meeting 2026 के लिए Grassroots Leader और Distinguished Panelist...

राजस्थान के झुंझुनूं जिले की ग्राम पंचायत लाम्बी अहीर की सरपंच और देशभर में 'हॉकी वाली सरपंच' के नाम से पहचान बना चुकीं नीरू यादव एक बार फिर प्रदेश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने जा रही हैं। भारत सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय (Ministry of Women & Child Development) तथा UN Women India ने उनका चयन BRICS Women Ministerial Meeting 2026 में Grassroots Leader और Distinguished Panelist के रूप में किया है। यह प्रतिष्ठित बैठक 8 जुलाई 2026 को कोच्चि (केरल) में भारत की BRICS अध्यक्षता के तहत आयोजित होगी।

यह उपलब्धि केवल नीरू यादव के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे राजस्थान और देश के ग्रामीण विकास मॉडल के लिए भी बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। पहली बार राजस्थान के ग्रामीण स्तर पर किए गए नवाचारों को BRICS जैसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।

महिला नेतृत्व और ग्रामीण विकास पर रखेंगी अपने विचार

BRICS Women Ministerial Meeting 2026 में दुनिया के विभिन्न देशों के मंत्री, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, नीति-निर्माता, शिक्षाविद, उद्योग विशेषज्ञ और जमीनी स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिनिधि शामिल होंगे। बैठक में महिला नेतृत्व, कौशल विकास, डिजिटल समावेशन, महिला आर्थिक सशक्तिकरण और सतत विकास जैसे विषयों पर मंथन होगा।

नीरू यादव को Panel-III : "Advancing Women's Leadership at the Grassroots" में पैनलिस्ट बनाया गया है। इस सत्र में वे देश के वरिष्ठ IAS अधिकारियों और विशेषज्ञों के साथ मंच साझा करेंगी तथा ग्रामीण भारत में महिला नेतृत्व, सामाजिक बदलाव और विकास के सफल मॉडल दुनिया के सामने प्रस्तुत करेंगी।

और ये भी पढ़े

    इन नवाचारों ने दिलाई अंतरराष्ट्रीय पहचान

    नीरू यादव ने अपने कार्यकाल में ग्राम पंचायत स्तर पर कई ऐसे नवाचार किए हैं, जिनकी देशभर में सराहना हुई है। इनमें प्रमुख रूप से

    • 'नारी दिशा' अभियान के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की पहल।
    • 'बर्तन बैंक' मॉडल, जिससे सामाजिक आयोजनों में प्लास्टिक के उपयोग को कम करने का प्रयास।
    • 'मेरा पेड़ मेरा दोस्त' अभियान के जरिए पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा।
    • कन्यादान और मुंह दिखाई की रस्म में पौधारोपण जैसी अनूठी पहल।
    • ग्रामीण बालिकाओं के लिए हॉकी टीम का गठन, जिससे खेल और शिक्षा दोनों को बढ़ावा मिला।

    इन पहलों ने महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक नवाचार और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में ग्राम पंचायत को एक मॉडल के रूप में स्थापित किया है।

    वरिष्ठ अधिकारियों के साथ करेंगी मंच साझा

    नीरू यादव जिस पैनल का हिस्सा होंगी, उसमें पंचायती राज मंत्रालय के सचिव विवेक भारद्वाज (IAS), केरल सरकार की प्रधान सचिव शर्मिला मैरी जोसेफ (IAS) तथा युवा नेतृत्वकर्ता भक्ति शर्मा भी शामिल होंगी। इसके अलावा अन्य सत्रों में भारत सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षाविद, वैज्ञानिक और उद्योग जगत के विशेषज्ञ भी भाग लेंगे।

    क्या है BRICS?

    BRICS विश्व की प्रमुख उभरती अर्थव्यवस्थाओं का समूह है। इसमें ब्राज़ील, रूस, भारत, चीन, दक्षिण अफ्रीका, मिस्र, इथियोपिया, ईरान, संयुक्त अरब अमीरात (UAE) और इंडोनेशिया सहित 11 सदस्य देश शामिल हैं। यह संगठन आर्थिक सहयोग, नवाचार, सतत विकास, महिला सशक्तिकरण और ग्लोबल साउथ के देशों के बीच साझेदारी को मजबूत करने की दिशा में कार्य करता है।

    राजस्थान के लिए गौरव का अवसर

    नीरू यादव का चयन इस बात का प्रमाण है कि राजस्थान के गांवों में किए जा रहे विकास और सामाजिक नवाचार अब वैश्विक मंचों तक पहुंच रहे हैं। कोच्चि में आयोजित होने वाली इस बैठक में वे राजस्थान के ग्रामीण विकास मॉडल, महिला नेतृत्व और सामाजिक परिवर्तन की सफल कहानियों को दुनिया के सामने रखेंगी।

    यह उपलब्धि न केवल झुंझुनूं और राजस्थान, बल्कि पूरे भारत के लिए गर्व का विषय है। इससे यह संदेश भी जाता है कि गांवों से शुरू हुए नवाचार अब अंतरराष्ट्रीय नीति-निर्माण और विकास की चर्चाओं का हिस्सा बन रहे हैं तथा "गांव से ग्लोबल" की सोच को नई पहचान मिल रही है।

    Related Story

      Trending Topics

      img title
      img title

      Be on the top of everything happening around the world.

      Try Premium Service.

      Subscribe Now!