Edited By Anil Jangid, Updated: 20 Jun, 2026 07:08 PM

बाड़मेर/सेड़वा। भारत-पाक सीमा पर स्थित भलगांव एवं दहेवा गांव में प्रशासनिक कार्रवाई के बाद मध्यप्रदेश कांग्रेस प्रभारी, पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं बायतु विधायक हरीश चौधरी ने बाड़मेर-जैसलमेर सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल के साथ मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों से...
बाड़मेर/सेड़वा। भारत-पाक सीमा पर स्थित भलगांव एवं दहेवा गांव में प्रशासनिक कार्रवाई के बाद मध्यप्रदेश कांग्रेस प्रभारी, पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं बायतु विधायक हरीश चौधरी ने बाड़मेर-जैसलमेर सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल के साथ मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों से संवाद किया तथा पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
मस्जिद से जुड़े घटनास्थल का निरीक्षण किया
इस दौरान दोनों जनप्रतिनिधियों ने जाल वाली मस्जिद से जुड़े घटनास्थल का निरीक्षण किया और धरने पर बैठे ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी पीड़ा, चिंताओं एवं मांगों को गंभीरता से सुना। ग्रामीणों ने उन्हें प्रशासनिक कार्रवाई के संबंध में अपनी बात रखते हुए निष्पक्ष जांच एवं न्यायपूर्ण समाधान की मांग से अवगत कराया।
सामाजिक एकता को कमजोर नहीं होने दी जाएगी
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए हरीश चौधरी ने कहा कि सीमावर्ती थार क्षेत्र की पहचान सदियों पुराने भाईचारे, सामाजिक समरसता और सांप्रदायिक सौहार्द से रही है। किसी भी परिस्थिति में इस सामाजिक एकता को कमजोर नहीं होने दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि वे क्षेत्रवासियों की भावनाओं और पीड़ा को समझते हैं तथा मामले में न्यायसंगत एवं संवेदनशील समाधान सुनिश्चित करने के लिए हर स्तर पर आवाज उठाएंगे।
क्षेत्र में शांति और सौहार्द का वातावरण बना रहे
उन्होंने कहा कि संवेदनशील विषयों का समाधान संवाद, पारदर्शिता और कानून के दायरे में रहकर किया जाना चाहिए। प्रशासन को भी ऐसे मामलों में सभी पक्षों का विश्वास कायम रखते हुए न्यायपूर्ण प्रक्रिया अपनानी चाहिए, ताकि क्षेत्र में शांति और सौहार्द का वातावरण बना रहे।
ग्रामीणों से संयम बनाए रखने की अपील
सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल ने भी ग्रामीणों से संयम बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि क्षेत्र की गंगा-जमुनी संस्कृति और आपसी भाईचारा हमारी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्रवासियों की भावनाओं और मांगों को संबंधित स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाएगा।
बड़ी संख्या में हिन्दू-मुस्लिम समुदाय के लोग उपस्थित रहे
इस अवसर पर पूर्व विधायक पदमाराम मेघवाल, पूर्व मंत्री गफूर अहमद, कांग्रेस जिलाध्यक्ष लक्ष्मणसिंह गोदारा, पूर्व जिलाध्यक्ष फतेह खान सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में हिन्दू-मुस्लिम समुदाय के लोग उपस्थित रहे।