Edited By Ishika Jain, Updated: 19 May, 2026 04:26 PM

राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में भीषण गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मंगलवार को सुबह से तेज धूप और साफ आसमान के कारण तापमान तेजी से बढ़ा और दोपहर तक पारा 45 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया। गर्म हवाओं और उमस भरे मौसम के चलते लोगों का घरों...
राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में भीषण गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मंगलवार को सुबह से तेज धूप और साफ आसमान के कारण तापमान तेजी से बढ़ा और दोपहर तक पारा 45 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया। गर्म हवाओं और उमस भरे मौसम के चलते लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया।
दोपहर के समय शहर की मुख्य सड़कें और बाजार लगभग खाली दिखाई दिए। लोग केवल जरूरी काम होने पर ही बाहर निकलते नजर आए। गर्मी से बचने के लिए कई लोग चेहरे और सिर को कपड़े से ढककर चलते दिखाई दिए।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार आने वाले दिनों में जिले को गर्मी से राहत मिलने की संभावना फिलहाल नहीं है। विभाग ने 21 मई और 23 से 25 मई के बीच हीटवेव की स्थिति बने रहने की आशंका जताई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आगामी दिनों में अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 31 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा।
तेज गर्मी का असर बाजारों में भी देखने को मिल रहा है। शहर में तरबूज, खरबूजा, खीरा और ठंडे पेय पदार्थों की मांग तेजी से बढ़ गई है। प्रमुख चौराहों और सड़कों के किनारे फलों की अस्थायी दुकानें सज गई हैं। दुकानदारों का कहना है कि गर्मी बढ़ने के साथ इन फलों और पेय पदार्थों की बिक्री में काफी इजाफा हुआ है।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक धूप में बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है। विभाग ने पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, हल्के सूती कपड़े पहनने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने को कहा है।
डॉक्टरों के अनुसार यदि किसी व्यक्ति को चक्कर आना, तेज बुखार, उल्टी, सिरदर्द या अत्यधिक कमजोरी महसूस हो तो तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेनी चाहिए, क्योंकि यह हीट स्ट्रोक के संकेत हो सकते हैं।