Edited By Ishika Jain, Updated: 18 May, 2026 04:14 PM

राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में तेज गर्मी और लू का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने जिले में आगामी तीन दिनों के लिए हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। सोमवार सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया।
राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में तेज गर्मी और लू का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने जिले में आगामी तीन दिनों के लिए हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। सोमवार सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया।
मौसम विभाग के अनुसार 18 मई से 20 मई तक जिले का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। इस दौरान दिन के समय गर्म हवाएं और लू लोगों की दिनचर्या पर असर डाल सकती हैं।
पूर्वानुमान के मुताबिक अगले तीन दिनों तक मौसम शुष्क बना रहेगा। 21 और 22 मई को आसमान साफ रहने की संभावना जताई गई है, जबकि 23 मई से फिर गर्म हवाओं का प्रभाव बढ़ सकता है। वहीं रात के तापमान में भी लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। न्यूनतम तापमान 28 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने से लोगों को रात में भी गर्मी और उमस से राहत नहीं मिल रही।
भीषण गर्मी के बीच अघोषित बिजली कटौती ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक बार-बार बिजली गुल होने से कूलर और पंखे बंद पड़ रहे हैं। कई क्षेत्रों में देर रात तक बिजली बाधित रहने से लोगों की नींद और दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। व्यापारी और आम नागरिक बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग कर रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग और चिकित्सकों ने लोगों को हीटवेव के दौरान अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी है। दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक अनावश्यक रूप से धूप में बाहर नहीं निकलने की अपील की गई है। साथ ही लोगों को अधिक मात्रा में पानी, छाछ, नींबू पानी और अन्य तरल पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी गई है।
विशेषज्ञों के अनुसार छोटे बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों को इस मौसम में ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी राजस्थान में फिलहाल शुष्क हवाओं का असर बना हुआ है, जिसके चलते अगले कुछ दिनों तक तेज गर्मी और लू जारी रहने की संभावना है।