हनुमानगढ़ में महंगाई, बिजली कटौती और पेयजल संकट को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन

Edited By Ishika Jain, Updated: 26 May, 2026 04:31 PM

hanumangarh congress protest inflation power cut water crisis

राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में बढ़ती महंगाई, बिजली कटौती और पेयजल संकट के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद राष्ट्रपति के नाम प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर आमजन से जुड़ी समस्याओं...

राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में बढ़ती महंगाई, बिजली कटौती और पेयजल संकट के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद राष्ट्रपति के नाम प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर आमजन से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग की गई।

यह प्रदर्शन श्रीगंगानगर सांसद कुलदीप इंदौरा के नेतृत्व में आयोजित किया गया। ज्ञापन में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों पर नियंत्रण लगाने के साथ बिजली और पानी की व्यवस्था सुधारने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई।

सांसद इंदौरा ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई का सीधा असर आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ रहा है। ईंधन और घरेलू गैस के दाम बढ़ने से परिवहन खर्च और घरेलू बजट दोनों प्रभावित हुए हैं। कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि भीषण गर्मी के बीच जिले में लगातार बिजली कटौती हो रही है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में कई घंटों तक बिजली बंद रहने के कारण पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हो रही है। पार्टी ने सरकार से निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की।

ज्ञापन में गेहूं खरीद व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए गए। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि मंडियों में खरीद प्रक्रिया धीमी होने से किसानों को परेशानी हो रही है। बारदाने की कमी और खरीद में देरी के कारण किसानों को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है। कांग्रेस ने गेहूं खरीद की समय सीमा बढ़ाने और व्यवस्थाओं में सुधार की मांग की।

पार्टी नेताओं ने जिले में बढ़ते पेयजल संकट पर चिंता जताते हुए कहा कि गर्मी के मौसम में कई इलाकों में पानी की किल्लत बढ़ गई है। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

इस दौरान कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष कैलाश मेघवाल भी कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल से मिले। इस मौके पर सिंचाई पानी के मुद्दे को लेकर दोनों पक्षों के बीच राजनीतिक टिप्पणियां भी देखने को मिलीं।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!