Edited By Anil Jangid, Updated: 07 Mar, 2026 03:36 PM

कोटा: राजस्थान के कोटा में बनने जा रहे ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट का शिलान्यास कल किया जाएगा, लेकिन इससे पहले ही इस प्रोजेक्ट को लेकर सियासी घमासान छिड़ गया है। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए दावा किया है कि कोटा एयरपोर्ट की...
कोटा: राजस्थान के कोटा में बनने जा रहे ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट का शिलान्यास कल किया जाएगा, लेकिन इससे पहले ही इस प्रोजेक्ट को लेकर सियासी घमासान छिड़ गया है। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए दावा किया है कि कोटा एयरपोर्ट की असली नींव कांग्रेस सरकार ने रखी थी। उन्होंने भाजपा सरकार और केंद्र पर आरोप लगाया कि इस परियोजना में देरी हुई, जबकि कांग्रेस सरकार ने इसकी शुरुआत की थी।
गहलोत ने कहा कि राहुल गांधी ने कोटा में एक जनसभा में एयरपोर्ट बनाने का वादा किया था, और उनकी सरकार ने उस वादे को पूरा करने के लिए 2021 में 1250 एकड़ जमीन निशुल्क आवंटित की थी। इसके अलावा, 2022 में ₹120 करोड़ का बजट भी बिजली लाइनों को शिफ्ट करने के लिए स्वीकृत किया गया था। गहलोत का कहना है कि केंद्र सरकार की लापरवाही के कारण यह परियोजना करीब चार साल तक रुकी रही।
वहीं, भाजपा इस परियोजना को डबल इंजन सरकार की बड़ी उपलब्धि बता रही है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और लोकसभा स्पीकर ओम बिरला इस एयरपोर्ट का शिलान्यास करेंगे। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू भी शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होंगे। एयरपोर्ट का निर्माण ₹1507 करोड़ की लागत से किया जाएगा, जिसमें 3200 मीटर लंबा रनवे बनाया जाएगा।
इस परियोजना के शिलान्यास से पहले ही राजनीतिक दलों के बीच इसका क्रेडिट लेने की होड़ लग गई है। गहलोत ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने चंबल रिवरफ्रंट के विकास में भी रुचि नहीं दिखाई, जिसके कारण कोटा में पर्यटन को बढ़ावा देने के प्रयासों में कमी आई है।
अब देखना यह होगा कि यह एयरपोर्ट हाड़ौती क्षेत्र के विकास के लिए कितनी तेजी से एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।