Edited By Anil Jangid, Updated: 27 Apr, 2026 08:01 PM

घासा। गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत सोमवार को घासा तहसील मुख्यालय पर नागरिकों, गौ सेवकों एवं संत समाज के प्रतिनिधियों ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर गोवंश संरक्षण, संवर्धन एवं प्रबंधन को लेकर ठोस कदम उठाने की मांग की। कड़ी धूप के बीच हजारों की...
घासा। गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत सोमवार को घासा तहसील मुख्यालय पर नागरिकों, गौ सेवकों एवं संत समाज के प्रतिनिधियों ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर गोवंश संरक्षण, संवर्धन एवं प्रबंधन को लेकर ठोस कदम उठाने की मांग की। कड़ी धूप के बीच हजारों की संख्या में पहुंचे गौ भक्तों ने गोवंश की सुरक्षा के लिए हुंकार भरी।
ज्ञापन में भारतीय संविधान का उल्लेख करते हुए गोवंश संरक्षण के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सशक्त कानून बनाने, गोहत्या पर सख्त रोक लगाने तथा पूरे देश में एक समान नीति लागू करने का आग्रह किया गया। साथ ही गोवंश के पालन-पोषण, चिकित्सा सुविधा एवं आश्रय व्यवस्था को मजबूत करने की मांग दोहराई गई। अभियान से जुड़े प्रतिनिधियों ने कहा कि गौवंश भारतीय संस्कृति, कृषि व्यवस्था एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है, इसलिए इनके संरक्षण हेतु सरकार को प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
इस अवसर पर रामकाज आश्रम गणोली गौशाला के अनुज जी महाराज ने कहा कि गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने के लिए देशभर में संत समाज द्वारा आंदोलन किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गौ संरक्षण केवल धार्मिक विषय नहीं, बल्कि राष्ट्रहित और पर्यावरण संरक्षण से भी जुड़ा विषय है।
इससे पूर्व हजारों की तादाद में गौ सेवक एवं ग्रामीण कड़ी धूप में डीजे के साथ रैली निकालते हुए उपखंड कार्यालय पहुंचे, जहां नारेबाजी करते हुए कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने गोहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की। इस दौरान क्षेत्र के कई सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। अभियान के तहत जनसमर्थन के लिए लोगों के हस्ताक्षर भी एकत्र किए गए।
इस अवसर पर संत शतोशान्द महाराज, संभाग अध्यक्ष कमलेश शर्मा, संभाग प्रभारी लोकेश आमेटा, जिला अध्यक्ष लक्षण कीर, तहसील अध्यक्ष भिमराज बणजारा, बजरंग सेना के सदस्य एवं गांव के वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।