Edited By Anil Jangid, Updated: 06 Mar, 2026 06:56 PM

कोटा। राजस्थान के रावतभाटा कस्बे के रहने वाले अनुज अग्निहोत्री ने देश की सबसे प्रतिष्ठित UPSC सिविल सर्विस परीक्षा 2025 में ऑल इंडिया रैंक-1 हासिल कर अपनी मेहनत और समर्पण का प्रमाण दिया। छोटे शहर से निकलकर इस कठिन परीक्षा में शीर्ष स्थान प्राप्त...
कोटा। राजस्थान के रावतभाटा कस्बे के रहने वाले अनुज अग्निहोत्री ने देश की सबसे प्रतिष्ठित UPSC सिविल सर्विस परीक्षा 2025 में ऑल इंडिया रैंक-1 हासिल कर अपनी मेहनत और समर्पण का प्रमाण दिया। छोटे शहर से निकलकर इस कठिन परीक्षा में शीर्ष स्थान प्राप्त करना अनुज की कड़ी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प की मिसाल है।
अनुज का जन्म चित्तौड़गढ़ जिले के रावतभाटा में एक साधारण ब्राह्मण परिवार में हुआ। उनके पिता परमाणु ऊर्जा संयंत्र में कार्यरत हैं। बचपन से ही अनुज पढ़ाई और ज्ञान के प्रति गंभीर रहे। प्रारंभिक शिक्षा उन्होंने परमाणु ऊर्जा केंद्रीय विद्यालय से प्राप्त की, जहां वे हमेशा उत्कृष्ट प्रदर्शन करते रहे।
कक्षा-10 के बाद उन्होंने आगे की पढ़ाई के लिए कोटा का रुख किया और एम.बी. पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल से 12वीं कक्षा उत्तीर्ण की। उत्कृष्ट प्रदर्शन के कारण उन्हें चिकित्सा शिक्षा में प्रवेश मिला और वे AIIMS जोधपुर में एमबीबीएस की पढ़ाई करने पहुंचे। चिकित्सा शिक्षा के दौरान ही उनके मन में समाज सेवा का विचार मजबूत हुआ।
एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी करने के बाद अनुज ने महसूस किया कि प्रशासनिक सेवा के माध्यम से वे समाज में व्यापक बदलाव ला सकते हैं। इसके लिए उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी शुरू की। अनुज ने तीसरे प्रयास में लगातार मेहनत और अनुशासन के बल पर यह कठिन परीक्षा में देश की शीर्ष रैंक हासिल की।
अनुज का कहना है कि इस परीक्षा में धैर्य और निरंतर प्रयास सबसे महत्वपूर्ण हैं। कठिन परिस्थितियों के बावजूद लक्ष्य से पीछे न हटना और नियमित मेहनत करना सफलता की कुंजी है।
छोटे शहर से निकलकर देश की सबसे कठिन परीक्षा में शीर्ष स्थान प्राप्त करना यह साबित करता है कि सपनों को पूरा करने के लिए बड़े शहर या विशेष संसाधन जरूरी नहीं होते, बल्कि दृढ़ संकल्प और मेहनत ही असली ताकत हैं। उनकी यह उपलब्धि युवाओं के लिए प्रेरणा और आशा की किरण बन गई है।