अयूब लाला गैंग का 5वां आरोपी जीतू अन्ना गिरफ्तार, रंगदारी और हमले के मामलों में खुलासे

Edited By Anil Jangid, Updated: 11 Apr, 2026 06:17 PM

fifth accused of ayub lala gang arrested

बांसवाड़ा। जिले में रंगदारी और धमकी के एक बड़े मामले में पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। कोतवाली थाना पुलिस ने अयूब लाला गैंग के पांचवें आरोपी हिस्ट्रीशीटर जितेंद्र उर्फ जीतू अन्ना को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को मध्यप्रदेश के जावरा सब जेल से...

बांसवाड़ा। जिले में रंगदारी और धमकी के एक बड़े मामले में पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। कोतवाली थाना पुलिस ने अयूब लाला गैंग के पांचवें आरोपी हिस्ट्रीशीटर जितेंद्र उर्फ जीतू अन्ना को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को मध्यप्रदेश के जावरा सब जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाकर गिरफ्तार किया गया और न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

 

थानाधिकारी बुधाराम बिश्नोई के अनुसार आरोपी जितेंद्र उर्फ अन्ना (41) रतलाम जिले के पिपलोदा का निवासी है और उसके खिलाफ पहले से ही कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें मारपीट, हत्या, धार्मिक भावना आहत करने, आवश्यक वस्तु अधिनियम और आर्म्स एक्ट जैसे मामलों सहित कुल आठ प्रकरण शामिल हैं।

 

यह मामला 23 फरवरी 2026 को दर्ज हुआ था, जब बांसवाड़ा निवासी जैनुद्दीन शब्बीर जेताजी ने पुलिस को शिकायत दी थी कि अयूब लाला और उसके साथियों द्वारा ब्याज के नाम पर पैसे देकर उन्हें धमकाया जा रहा है और रंगदारी मांगी जा रही है। इस पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पहले ही अयूब खान सहित चार आरोपियों—अब्दुल रव उर्फ बब्बू, मोहम्मद आसिफ उर्फ हेरी और फैयाज—को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया था।

 

अब पांचवें आरोपी की गिरफ्तारी के साथ पुलिस इस गैंग की गतिविधियों की गहराई से जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार यह प्रकरण भारतीय न्याय संहिता 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज किया गया है।

 

जांच में यह भी सामने आया है कि जीतू अन्ना का आपराधिक इतिहास काफी लंबा रहा है। गत मार्च में उसने रतलाम के नवीन बस स्टैंड पर भाजपा नेता और पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष श्याम बिहारी पटेल पर चाकू से जानलेवा हमला किया था। इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव फैल गया था और व्यापारियों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए चक्का जाम भी किया था।

 

वहीं, एक अन्य मामले में बांसवाड़ा में दो व्यापारियों से 1 करोड़ 40 लाख रुपये की फिरौती मांगने के आरोपी एक शिक्षक को भी पुलिस ने हाल ही में गिरफ्तार किया है। आरोपी ने धमकी भरे पत्र भेजकर व्यापारियों को डराने का प्रयास किया था।

 

पुलिस का कहना है कि इस पूरे नेटवर्क की जांच जारी है और गैंग से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!