Edited By Ishika Jain, Updated: 01 May, 2026 05:16 PM

डूंगरपुर जिले की करावाड़ा ग्राम पंचायत में आयोजित रात्रि चौपाल के दौरान जिला कलेक्टर देशलदान ने प्रशासनिक लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाया। चौपाल में रसद विभाग के अधिकारी अनुपस्थित मिलने पर उन्होंने प्रवर्तन निरीक्षक को तत्काल निलंबित करने के निर्देश दिए।
डूंगरपुर जिले की करावाड़ा ग्राम पंचायत में आयोजित रात्रि चौपाल के दौरान जिला कलेक्टर देशलदान ने प्रशासनिक लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाया। चौपाल में रसद विभाग के अधिकारी अनुपस्थित मिलने पर उन्होंने प्रवर्तन निरीक्षक को तत्काल निलंबित करने के निर्देश दिए।
राजकीय सीनियर माध्यमिक विद्यालय परिसर में आयोजित इस चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। कलेक्टर ने सीधे लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर ही संबंधित विभागों के अधिकारियों से जवाब मांगा।
रसद विभाग पर उठे सवाल
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने रसद विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी जताई। शिकायतों की गंभीरता को देखते हुए जब अधिकारियों की उपस्थिति जांची गई, तो संबंधित अधिकारी मौके पर मौजूद नहीं मिले। इस पर कलेक्टर ने तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए।
ग्रामीणों ने उठाए ये मुद्दे
चौपाल में लोगों ने स्कूलों में स्टाफ की कमी, अतिरिक्त कक्ष निर्माण, पेयजल संकट, नए हैंडपंप, सड़कों के डामरीकरण जैसी मांगें रखीं।
इसके अलावा नाली निर्माण कार्य पूरा कराने, तालाबों की मरम्मत और जल संसाधन से जुड़े कार्यों की जांच की मांग भी सामने आई।
सुरक्षा को लेकर भी मांग
ग्रामीणों ने गांवों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग रखी। इस पर कलेक्टर ने संबंधित विभागों से रिपोर्ट लेकर आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर का साफ संदेश
कलेक्टर देशलदान ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी समस्याओं का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आमजन की शिकायतों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
छात्रों का हुआ सम्मान
कार्यक्रम के अंत में कलेक्टर ने क्षेत्र के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया और विभिन्न विभागों ने ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी।