DSP शिप्रा राजावत की अनोखी पहल: फूल देकर समझाइश, हेलमेट बांटकर दिया सड़क सुरक्षा का संदेश

Edited By Anil Jangid, Updated: 06 Jun, 2026 05:29 PM

dsp shipra rajawat initiative road safety with flowers and helmets

राजसमंद: सड़क दुर्घटनाओं में बढ़ती मृत्यु दर को कम करने और आमजन में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से राजसमंद पुलिस ने एक सराहनीय पहल की है। देलवाड़ा पुलिस द्वारा नोगड़िया टोल नाके पर आयोजित विशेष जागरूकता अभियान में...

राजसमंद: सड़क दुर्घटनाओं में बढ़ती मृत्यु दर को कम करने और आमजन में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से राजसमंद पुलिस ने एक सराहनीय पहल की है। देलवाड़ा पुलिस द्वारा नोगड़िया टोल नाके पर आयोजित विशेष जागरूकता अभियान में वृत्ताधिकारी नाथद्वारा डीएसपी शिप्रा राजावत के नेतृत्व में वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।

 

अभियान के दौरान डीएसपी शिप्रा राजावत स्वयं मौके पर मौजूद रहीं और दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के महत्व के बारे में जानकारी दी। विशेष रूप से बिना हेलमेट वाहन चला रहे लोगों को रोककर उन्हें सम्मानपूर्वक फूल भेंट किए गए और यातायात नियमों की पालना करने की समझाइश दी गई। इसके साथ ही कई वाहन चालकों को हेलमेट भी वितरित किए गए ताकि वे अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कर सकें।

 

डीएसपी राजावत ने कहा कि सड़क पर छोटी-सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि हेलमेट केवल चालान से बचने का साधन नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा का महत्वपूर्ण कवच है। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर प्रत्येक व्यक्ति को जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभानी चाहिए और यातायात नियमों का पालन अपनी आदत में शामिल करना चाहिए।

 

इस अनूठी पहल को राहगीरों और वाहन चालकों ने भी खूब सराहा। कई लोगों ने पुलिस के इस सकारात्मक और मानवीय दृष्टिकोण की प्रशंसा करते हुए कहा कि जागरूकता फैलाने का यह तरीका लोगों पर अधिक प्रभाव छोड़ता है। अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने सड़क सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण संदेश भी दिए और लोगों को दुर्घटनाओं से बचाव के उपायों की जानकारी प्रदान की।

 

कार्यक्रम में देलवाड़ा थानाधिकारी मनभंवरलाल, टोल प्रबंधन और टोल कर्मचारियों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। सभी ने मिलकर लोगों को सुरक्षित यात्रा और जिम्मेदार वाहन संचालन का संदेश दिया।

 

राजसमंद पुलिस का यह अभियान केवल नियमों की पालना तक सीमित नहीं रहा, बल्कि समाज में सुरक्षा के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने का प्रयास भी बना। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में भी इस तरह के जनजागरूकता अभियान जारी रहेंगे ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और लोगों की अनमोल जिंदगी सुरक्षित रह सके।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!