Edited By Anil Jangid, Updated: 01 Mar, 2026 05:56 PM

श्रीगंगानगर। जिले के रावला क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास गांव खानूवाली के पास पुलिस और बीएसएफ के संयुक्त सर्च अभियान के दौरान एक किलो हेरोइन बरामद की गई है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 5 करोड़ रुपये आंकी जा रही है।
श्रीगंगानगर। जिले के रावला क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास गांव खानूवाली के पास पुलिस और बीएसएफ के संयुक्त सर्च अभियान के दौरान एक किलो हेरोइन बरामद की गई है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 5 करोड़ रुपये आंकी जा रही है।
पुलिस अधीक्षक डा. अमृता दुहन ने बताया कि रविवार सुबह बॉर्डर से सटे वन विभाग की भूमि में यह पैकेट मिला। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पैकेट में लगभग एक किलो हेरोइन था। अधिकारियों के अनुसार यह अब तक की सबसे बड़ी हेरोइन की खेप में से एक मानी जा रही है, जो ड्रोन के जरिए सीमा पार लाई गई थी।
इससे चार दिन पहले बीकानेर सेक्टर के खाजूवाला क्षेत्र 24 केएनडी में एक किसान के खेत से बड़ा चीनी ड्रोन बरामद किया गया था। इस ड्रोन के साथ आठ पैकेट, पांच अत्याधुनिक पिस्तौल और लगभग 325 जिंदा कारतूस भी मिले थे। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, यह अब तक का ड्रोन के जरिए हथियारों और नशीले पदार्थों की सबसे बड़ी खेप है।
एसपी ने बताया कि इस क्षेत्र में पहले भी हेरोइन की तस्करी के मामले सामने आते रहे हैं, लेकिन हाल ही में ड्रोन, हथियार और नशीले पदार्थों की लगातार खेप को देखते हुए सीमा क्षेत्र में हाई अलर्ट जारी किया गया है। इसके तहत स्थानीय पुलिस और बीएसएफ दोनों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि ड्रोन तस्करी अब न केवल हथियारों बल्कि हेरोइन और अन्य नशीले पदार्थों के लिए भी प्रमुख माध्यम बन गया है। उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों से भी सहयोग का आह्वान किया है और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस या बीएसएफ को देने का अनुरोध किया है।
इस कार्रवाई से यह संदेश भी गया है कि सीमा क्षेत्र में नशीले पदार्थों और हथियारों की तस्करी को रोकने के लिए सुरक्षा एजेंसियां सतत निगरानी और संयुक्त कार्रवाई कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में भी ऐसे ऑपरेशन लगातार जारी रहेंगे और तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस सफलता के साथ ही सीमा सुरक्षा और नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ संयुक्त प्रयासों का महत्व फिर से सामने आया है।