धौलपुर में आदिवासी कांग्रेस का जिला सम्मेलन: अधिकार, वन भूमि और विस्थापन के मुद्दों पर हुई चर्चा

Edited By Ishika Jain, Updated: 01 Jul, 2026 04:11 PM

dholpur tribal congress conference rights displacement issues

धौलपुर के सरमथुरा में आयोजित जिला स्तरीय आदिवासी कांग्रेस सम्मेलन में आदिवासी अधिकार, वन भूमि, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वरोजगार और विस्थापन जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।

धौलपुर। जिले के सरमथुरा स्थित कन्हैया पैलेस में जिला स्तरीय आदिवासी कांग्रेस सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में आदिवासी समुदाय से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वरोजगार, वन अधिकार, सामाजिक विकास और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन जैसे विषय प्रमुख रूप से उठाए गए। बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने सम्मेलन में भाग लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्थान प्रदेश आदिवासी कांग्रेस के अध्यक्ष एवं विधायक गणेश घोघरा ने कहा कि कांग्रेस आदिवासी, दलित, पिछड़े और वंचित वर्गों के अधिकारों की पैरवी करती रही है। उन्होंने जल, जंगल और जमीन से जुड़े अधिकारों की सुरक्षा के लिए समाज से संगठित रहने का आह्वान किया। साथ ही सरमथुरा क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को विधायक संजय कुमार के साथ विधानसभा में उठाने का भरोसा भी दिलाया।

विस्थापन के मुद्दे पर चिंता व्यक्त

धौलपुर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं विधायक संजय कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि आदिवासी समाज से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए पार्टी लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने अभयारण्य परियोजनाओं के कारण संभावित विस्थापन पर चिंता जताते हुए कहा कि भूमि केवल आजीविका का साधन नहीं, बल्कि लोगों की संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक पहचान का महत्वपूर्ण आधार भी है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में प्रभावित लोगों के हितों की रक्षा के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।

शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार पर दिया जोर

प्रदेश आदिवासी कांग्रेस के संगठन महासचिव हरगुण भोपर और प्रदेश उपाध्यक्ष रितु मीणा ने भी सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने आदिवासी बहुल क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं, रोजगार के अवसर और सरकारी योजनाओं की बेहतर पहुंच सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर बल दिया। वक्ताओं ने कहा कि समाज के समग्र विकास के लिए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन जरूरी है।

संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान

सम्मेलन की अध्यक्षता जिला आदिवासी कांग्रेस अध्यक्ष रामलखन मीणा ने की। उन्होंने आदिवासी समाज के अधिकारों और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के प्रति संगठन की प्रतिबद्धता दोहराई। पूर्व प्रधान लाखन सिंह खिडोरा ने भी संगठनात्मक एकजुटता पर जोर देते हुए समाज के हितों के लिए मिलकर कार्य करने की अपील की।

कार्यक्रम का संचालन कांग्रेस प्रवक्ता धनेश जैन ने किया। सम्मेलन में जाटव समाज के जिला अध्यक्ष सुवालाल जाटव, ओबीसी जिला अध्यक्ष सोनू यादव, योगेश शर्मा, रघुवीर मीणा, रामेंद्र मीणा, विनेश, संजय अग्रवाल, पुरुषोत्तम मित्तल, क्यू.एम. खान सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!