Edited By Ishika Jain, Updated: 10 Jul, 2026 05:49 PM

धौलपुर के राजाखेड़ा फायरिंग मामले में पुलिस ने 72 घंटे के भीतर दो 25-25 हजार रुपये के इनामी बदमाशों को गिरफ्तार किया। अवैध हथियार और बाइक भी बरामद हुई।
धौलपुर जिले के राजाखेड़ा कस्बे में हाल ही में हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने 72 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो इनामी बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने इनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक, एक अवैध .315 बोर का देशी कट्टा और पांच जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने बताया कि 6 जुलाई को राजाखेड़ा क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर फायरिंग की घटना के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीमों का गठन किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा के निर्देशन में राजाखेड़ा थाना पुलिस, जिला स्पेशल टीम (DST), स्पेशल टीम और साइबर सेल ने संयुक्त रूप से कार्रवाई शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस टीमों ने धौलपुर, आगरा और मुरैना सहित करीब 100 संभावित ठिकानों पर दबिश दी। साथ ही कई सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी इनपुट के आधार पर आरोपियों की गतिविधियों का पता लगाया गया।
पुलिस के अनुसार, जिला स्पेशल टीम को मिली सूचना पर बसई घीयाराम के आगे अंधियारी के बीहड़ों में घेराबंदी की गई। पुलिस को देखकर दोनों आरोपी मोटरसाइकिल छोड़कर भागने लगे और बचने के प्रयास में ऊंचे मिट्टी के टीले से नीचे कूद गए, जिससे उनके पैरों में चोटें आईं। इसके बावजूद पुलिसकर्मियों ने उनका पीछा कर दोनों को मौके पर ही पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिषेक निवासी घड़ी जोनावद और सचिन निवासी मनसुखपुरा, जिला आगरा के रूप में हुई है। दोनों का उपचार पुलिस सुरक्षा में जिला अस्पताल में कराया जा रहा है।
एसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि 6 जुलाई को आरोपियों ने राजाखेड़ा में तीन अलग-अलग स्थानों पर फायरिंग कर क्षेत्र में दहशत फैलाने की कोशिश की थी। पुलिस का कहना है कि जिले में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
इस मामले में फरार तीसरे आरोपी लुक्का उर्फ मन्नू उर्फ प्रद्युम्न की तलाश में भी पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।