Edited By Ishika Jain, Updated: 18 May, 2026 04:08 PM

राजस्थान के धौलपुर जिले में अवैध खनन और यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहनों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत जिला प्रशासन द्वारा गठित विशेष जांच दल (SIT) ने परिवहन विभाग और बादलपुर थाना पुलिस के साथ...
राजस्थान के धौलपुर जिले में अवैध खनन और यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहनों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत जिला प्रशासन द्वारा गठित विशेष जांच दल (SIT) ने परिवहन विभाग और बादलपुर थाना पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाते हुए अब तक 318 बिना नंबर वाले वाहनों को जब्त किया है।
अधिकारियों के अनुसार इस कार्रवाई के दौरान करीब 16 लाख रुपए का जुर्माना भी वसूला गया है। जब्त किए गए वाहनों में डंपर, ट्रेलर और ट्रैक्टर-ट्रॉली जैसे भारी वाहन शामिल हैं, जो चंबल के प्रतिबंधित क्षेत्रों से अवैध रूप से खनिज परिवहन में लगे हुए थे।
परिवहन विभाग ने बताया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले इन वाहनों के रजिस्ट्रेशन प्रमाणपत्र (RC) निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके साथ ही संबंधित चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई भी की जा रही है।
जिला परिवहन अधिकारी के मुताबिक अवैध खनन और बिना वैध दस्तावेजों के चल रहे वाहनों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। निगरानी के लिए जिले में चार विशेष उड़न दस्तों का गठन किया गया है, जो राष्ट्रीय राजमार्गों, प्रमुख सड़कों और खनन क्षेत्रों में लगातार जांच कर रहे हैं।
विभाग ने ट्रांसपोर्टरों और वाहन मालिकों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि बिना नंबर प्लेट, बिना एचएसआरपी, बिना फिटनेस प्रमाणपत्र या बिना परमिट संचालित होने वाले वाहनों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे वाहन मौके पर ही जब्त कर कानूनी प्रक्रिया अपनाई जाएगी।