Edited By Afjal Khan, Updated: 10 Mar, 2026 06:35 PM

राजस्थान के धौलपुर जिले में सरकारी जमीन पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। उपखंड मुख्यालय पर बालिका विद्यालय के लिए वर्ष 2002 में आवंटित करीब 13 बिस्वा जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत मिलने के बाद जिला कलक्टर श्रीनिधि बीटी ने...
राजस्थान के धौलपुर जिले में सरकारी जमीन पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। उपखंड मुख्यालय पर बालिका विद्यालय के लिए वर्ष 2002 में आवंटित करीब 13 बिस्वा जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत मिलने के बाद जिला कलक्टर श्रीनिधि बीटी ने सख्त रुख अपनाया। इसके बाद उपखंड प्रशासन और नगर पालिका की टीम ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।
प्रशासन की कार्रवाई के दौरान जेसीबी मशीनों की मदद से अवैध रूप से बने मकानों और दुकानों को ध्वस्त कर दिया गया। लंबे समय से इस जमीन पर कब्जा होने के कारण स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों द्वारा लगातार शिकायतें की जा रही थीं।
कार्रवाई को बताया अधूरा
कार्रवाई के बाद भी शिकायतकर्ता संगठन बालिका विद्यालय जमीन बचाओ संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने इसे अधूरी कार्रवाई बताया। उनका कहना है कि विद्यालय के लिए आवंटित पूरी जमीन को नक्शे के अनुसार खाली कराया जाए और उस पर तुरंत बाउंड्रीवाल बनवाई जाए, ताकि दोबारा अतिक्रमण न हो सके।
नगर पालिका की कार्यशैली पर उठे सवाल
घटनाक्रम से पहले स्वायत्त शासन विभाग ने प्रशासनिक कारणों से राजाखेड़ा के कार्यवाहक ईओ को हटाकर मनियां ईओ विष्णु परमार को चार्ज सौंपा है। नगर पालिका की कार्यप्रणाली को लेकर पहले से ही सवाल उठते रहे हैं।
दो दशक पहले स्कूल के लिए हुई थी जमीन आवंटित
करीब 20 साल पहले हाट मैदान बाईपास क्षेत्र में बालिका विद्यालय के लिए यह जमीन आवंटित की गई थी। उस समय स्कूल एक संकरी गली में बेहद छोटे और असुविधाजनक भवन में संचालित हो रहा था। नई जमीन मिलने के बाद यहां आधुनिक स्कूल भवन बनाने की योजना बनाई गई थी, लेकिन अतिक्रमण के कारण यह योजना लंबे समय से अटकी हुई थी।
अब प्रशासन की कार्रवाई के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही जमीन को पूरी तरह खाली कराकर विद्यालय के निर्माण का रास्ता साफ किया जाएगा।