धौलपुर में बिजली चोरी पर डिस्कॉम की सख्ती, 70 मामले पकड़े; 25 लाख रुपए का जुर्माना

Edited By Ishika Jain, Updated: 12 Aug, 2026 05:50 PM

dholpur electricity theft jaipur discom action 70 cases fine

धौलपुर में जयपुर डिस्कॉम ने बिजली चोरी के खिलाफ अभियान तेज किया। 15 टीमों ने 70 मामले पकड़े और करीब 25 लाख रुपए का जुर्माना लगाया।

धौलपुर। बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के लिए जयपुर डिस्कॉम ने धौलपुर जिले में जांच अभियान तेज कर दिया है। अब दिन के साथ रात में भी बिजली चोरी और विद्युत लाइन से छेड़छाड़ करने वालों की जांच की जा रही है। अभियान के दौरान डिस्कॉम की 15 अभियंता टीमों ने कार्रवाई करते हुए बिजली चोरी के 70 मामले पकड़े हैं। इन मामलों में करीब 25 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया है।

रात में बिजली चोरी पर विशेष निगरानी

डिस्कॉम अधिकारियों के अनुसार जांच के दौरान रात के समय अवैध जम्पर लगाकर बिजली चोरी करने और विद्युत तंत्र में अनधिकृत छेड़छाड़ के मामले सामने आए हैं। ऐसी गतिविधियों से संबंधित फीडर पर ट्रिपिंग बढ़ने की समस्या आती है, जिसका असर आसपास के नियमित बिल भुगतान करने वाले उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति पर भी पड़ सकता है।

इसी को देखते हुए डिस्कॉम ने रात्रिकालीन जांच को भी अभियान का हिस्सा बनाया है।

मीटर और लोड सर्वे से होगी निगरानी

बिजली चोरी की पहचान के लिए डिस्कॉम अब मीटर डेटा और लोड सर्वे का इस्तेमाल कर रहा है। अधिकारियों के मुताबिक प्रत्येक ट्रांसफॉर्मर पर मीटर लगाए जा रहे हैं, जिससे संबंधित क्षेत्र में बिजली की वास्तविक खपत और संभावित चोरी का आकलन किया जा सके।

मीटर से मिलने वाले आंकड़ों के आधार पर ऐसे उपभोक्ताओं की पहचान की जा रही है, जिनकी दर्ज खपत उनके स्वीकृत या अनुमानित लोड की तुलना में काफी कम है। इसके बाद इन उपभोक्ताओं की जांच की जा रही है।

कम खपत वाले उपभोक्ताओं पर नजर

डिस्कॉम के एसई विवेक शर्मा ने बताया कि जिन उपभोक्ताओं की बिजली खपत उनके लोड की तुलना में कम दिखाई दे रही है, उनकी विशेष जांच की जा रही है।

उन्होंने बताया कि जांच के दौरान ऐसे मामले भी सामने आए हैं, जहां बिजली की खपत कम दर्ज होने के बावजूद घरों में एसी जैसे अधिक बिजली खपत वाले उपकरण इस्तेमाल किए जा रहे थे।

वास्तविक लोड के अनुसार कनेक्शन बढ़वाने की अपील

एसई विवेक शर्मा ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपने घर या प्रतिष्ठान में इस्तेमाल होने वाले वास्तविक विद्युत लोड के अनुसार स्वीकृत भार बढ़वाएं। इससे विद्युत तंत्र को वास्तविक मांग के अनुरूप मजबूत और व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी।

उन्होंने उपभोक्ताओं को बिजली चोरी से दूर रहने की सलाह देते हुए कहा कि जांच में चोरी पकड़े जाने पर नियमानुसार भारी जुर्माना लगाया जा सकता है। जुर्माना राशि जमा नहीं करने की स्थिति में बिजली थाने में मामला भी दर्ज कराया जा सकता है।

डिस्कॉम का कहना है कि बिजली चोरी के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!