Edited By Afjal Khan, Updated: 14 Feb, 2026 04:31 PM

धौलपुर जिले के बसई डांग थाना क्षेत्र स्थित चन्दीलपुरा घाटियों में लेपर्ड देखे जाने की खबर से आसपास के गांवों में भय का माहौल बन गया है। बताया जा रहा है कि सड़क से गुजर रहे वाहन सवारों ने झाड़ियों के पास घूमते हुए लेपर्ड का वीडियो अपने मोबाइल फोन में...
धौलपुर जिले के बसई डांग थाना क्षेत्र स्थित चन्दीलपुरा घाटियों में लेपर्ड देखे जाने की खबर से आसपास के गांवों में भय का माहौल बन गया है। बताया जा रहा है कि सड़क से गुजर रहे वाहन सवारों ने झाड़ियों के पास घूमते हुए लेपर्ड का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड किया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ दिन पहले एक कार चन्दीलपुरा की पहाड़ी घाटियों से गुजर रही थी। इसी दौरान सड़क किनारे झाड़ियों में हलचल दिखाई दी। नजदीक से देखने पर वहां एक लेपर्ड चलता हुआ नजर आया। अचानक वन्यजीव को देखकर वाहन में बैठे लोग घबरा गए, लेकिन उन्होंने सुरक्षित दूरी बनाए रखते हुए उसका वीडियो बना लिया। यह वीडियो अब क्षेत्र में तेजी से वायरल हो रहा है और चर्चा का विषय बना हुआ है।
लेपर्ड की मौजूदगी की सूचना फैलते ही चन्दीलपुरा और आसपास के गांवों में सतर्कता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने बच्चों को अकेले बाहर न भेजने और पशुओं को खुले में न छोड़ने की अपील की है। शाम के समय लोग अनावश्यक रूप से घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं।
हालांकि सामने आया वीडियो कुछ दिन पुराना बताया जा रहा है, लेकिन वन्यजीव की संभावित गतिविधि को लेकर ग्रामीणों में चिंता बनी हुई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और लेपर्ड की लोकेशन की पुष्टि करने की मांग की है, ताकि किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
फिलहाल प्रशासन या वन विभाग की ओर से इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।