दिल्ली की 31 विभूतियां दिल्ली गौरव सम्मान से अलंकृत, अर्जुन राम मेघवाल ने गरिमापूर्ण व्यक्तित्व के सम्मान को बताया समाज का दायित्व

Edited By Anil Jangid, Updated: 09 Aug, 2026 06:46 PM

delhi 31 distinguished personalities honoured with delhi gaurav samman

जयपुर। संस्कृति युवा संस्था द्वारा देश की राजधानी नई दिल्ली में प्रधानमंत्री संग्रहालय एवं पुस्तकालय में पहली बार आयोजित दिल्ली गौरव सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम को केन्द्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने संबोधित किया।

जयपुर। संस्कृति युवा संस्था द्वारा देश की राजधानी नई दिल्ली में प्रधानमंत्री संग्रहालय एवं पुस्तकालय में पहली बार आयोजित दिल्ली गौरव सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम को केन्द्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि गरिमापूर्ण व्यक्तित्व का सम्मान, समाज का दायित्व है। ऐसे में दिल्ली की विभूतियों को सम्मानित करना अपने आप में एक अनुकरणीय कार्य है।

 

इस समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली 31 विभूतियां का दिल्ली गौरव सम्मान से अलंकृत किया गया है। सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भारत सरकार के विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ तथा राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र की उपस्थिति रही। इस दौरान मेघवाल ने कहा कि संस्कृति युवा संस्था द्वारा जिन प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया है, वे अपने-अपने क्षेत्रों में दिल्ली का नाम रोशन कर रही हैं। हमारी भारतीय संस्कृति को आगे बढ़ाने का दायित्व युवाओं पर है।


डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने कहा कि व्यक्तित्व का सम्मान समाज का दायित्व है। इस प्रकार के आयोजनों से ऐसी प्रतिभाओं को प्रेरणा मिलती है, जो समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रही हैं। इससे अन्य लोग भी प्रोत्साहित होते हैं और युवा पीढ़ी को उनके पदचिह्नों पर चलने का मार्गदर्शन मिलता है।


पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र ने संस्कृति युवा संस्था द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था देश के युवाओं को भारतीय संस्कृति की ओर पुनः आकर्षित करने के लिए जो प्रयास कर रही है, वे प्रशंसनीय हैं। युवाओं को भारतीय संस्कृति का बोध कराना और उन्हें इसके संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रेरित करना समय की आवश्यकता है।


संस्कृति युवा संस्था के अध्यक्ष पं. सुरेश मिश्रा ने संस्था की गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि संस्था द्वारा देश की बड़ी मैराथनों में शामिल जयपुर मैराथन का आयोजन पिछले 16 वर्षों से निरंतर किया जा रहा है, जिसमें देश-विदेश से बड़ी संख्या में धावक भाग लेते हैं। इसके अतिरिक्त संस्था देश-विदेश की प्रतिभाओं को सम्मानित करने के लिए भारतीय संसद से लेकर ऑस्ट्रेलिया की संसद तक भारत गौरव सम्मान का आयोजन करती आ रही है। संस्था द्वारा नवसंवत्सर स्वागत, वर्ल्ड हेल्थ फेस्टिवल तथा दारू नहीं दूध से करें जैसे सामाजिक अभियान भी लंबे समय से चलाए जा रहे हैं।


इस कार्यकम के अध्यक्ष सुनील खेतपालिया ने बताया कि दिल्ली गौरव सम्मान समारोह में भारतीय शास्त्रीय नृत्यांगना (कथक) शोवना नारायण, ब्रह्माकुमारीज नई दिल्ली केंद्र की प्रभारी राजयोगिनी बी.के. लक्ष्मी, आध्यात्मिक मार्गदर्शक स्वामी प्रेम अन्वेषी महाराज, आईएफएस एवं पूर्व विदेश सेवा अधिकारी अखिलेश मिश्रा, नोएडा फिल्मसिटी एवं मारवाह स्टूडियोज के संस्थापक डॉ. संदीप मारवाह, प्रसिद्ध फैशन डिजाइनर एवं रामलला (अयोध्या) के डिजाइनर मनीष त्रिपाठी, ड्रीमफोक्स सर्विसेज लिमिटेड की संस्थापक, चेयरपर्सन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर लिबराथा कल्लाट, ग्लोबल ट्रेड एंड टेक्नोलॉजी काउंसिल (इंडिया) के संस्थापक अध्यक्ष गौरव गुप्ता, टेक्नोलॉजी विजनरी, ए आई एवं डिफेंस इनोवेशन लीडर आशीष कुमार, पब्लिक रिलेशन सोसाइटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजीत पाठक, प्रसिद्ध फिल्म निर्माता-निर्देशक, पटकथा एवं संवाद लेखक राज शांडिल्य, पिनाक हेल्थकेयर के निदेशक एवं पार्क ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स के सीनियर कंसल्टेंट तथा रीजनल मेडिकल डायरेक्टर डॉ. करण चौधरी, प्रख्यात अधिवक्ता एवं शिक्षाविद विदुषी निशंक, सेवानिवृत्त भारतीय सेना अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल मनोज कुमार सिन्हा, जी न्यूज के कंट्री हेड नीरज पांडे, प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया के सदस्य गुरिंदर सिंह, गूंज फाउंडेशन के संस्थापक एवं निदेशक अंशु गुप्ता, एबीपी न्यूज के पत्रकार राहुल मिश्रा, शिक्षा भारती की अध्यक्ष स्वाति गर्ग, पीएम पब्लिशर्स के मैनेजिंग डायरेक्टर राजेश बजाज, डॉ. अंशुल दीवान, केंद्रीय भंडार के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. मुकेश कुमार, साइबर सिक्योरिटी सर्विसेज के संस्थापक एवं सीईओ शरण झा, जनता ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर अविनाश मलिक, नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हॉस्पिटैलिटी एंड मैनेजमेंट के डॉ. विनोद कश्यप, आशीष कुमार, द वेट क्लिनिक रीवा की संस्थापक रेनू सिंह, सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता सौरव बैसोया, पॉलिटिकल एडिटर, एंकर एवं वरिष्ठ राजनीतिक पत्रकार अदिति नागर, झाई बास्केट प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक शेखर कौशिक तथा मुवलिट के संस्थापक एवं सीईओ मोनू चौहान को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए स्मृति चिह्न, प्रशस्ति पत्र एवं दुपट्टा देकर सम्मानित किया गया। 


कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर संस्था की ओर से डॉ. के. सी. परवल गौरव धामाणी, देवअंजन बोस, अजय शर्मा, विजय लशियाल, सतीश शर्मा, वरुण शर्मा, नीलम मिश्रा ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का सफल संचालन सोम्यता मिश्रा ने किया। कार्यक्रम के अंत में कार्यक्रम संयोजक डॉ के सी परवल ने सभी अतिथियों, सम्मानित प्रतिभाओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!